नीमच। केंद्र सरकार की अफीम नीति को लेकर किसानों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है। किसानों ने 10 आरी के पट्टे देने, लुनी-चिरनी की व्यवस्था करने और पुराने लाइसेंस बहाल करने की मांग उठाई है। किसानों का कहना है कि हर साल बदलने वाली नीति के कारण उनके सामने अनिश्चितता बनी रहती है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य की चिंता उन्हें परेशान कर रही है।
किसान जगदीश ने सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में किसानों के हित में काम करना चाहती है, तो वर्ष 1997-98 के पुराने पट्टे बहाल किए जाने चाहिए। साथ ही सभी पात्र किसानों को अफीम की खेती का लाइसेंस देकर योजना का लाभ दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पहले 4.2 मॉर्फिन के आधार पर पट्टे देने की बात कही गई थी, लेकिन किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया। किसानों का आरोप है कि बार-बार बदलते नियमों से उनकी परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने मांग की कि अफीम नीति बनाते समय किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाए और उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए।
किसानों की प्रमुख मांगें
किसानों को 10 आरी के अफीम पट्टे दिए जाएं।
लुनी-चिरनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वर्ष 1997-98 के पुराने लाइसेंस बहाल किए जाएं।
सभी पात्र किसानों को पट्टों का लाभ दिया जाए।
अब सवाल यह है कि किसानों की मांगों पर सरकार कब गंभीरता से निर्णय लेगी और अन्नदाताओं को इस अनिश्चितता से कब राहत मिलेगी?