नीमच/जावद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नयागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फोर्ड कार से 75 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त फोर्ड कार भी जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 28 अक्टूबर को चार खंभा चौराहा, गोठा-गुठलाई रोड स्थित स्कूल के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की फोर्ड कार (HR 08 Y 1201) वहां पहुंची। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक ने कार तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर सात कट्टों में भरा कुल 75 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार भंवरदास (45) निवासी जोधपुर, राजस्थान और लालाराम (31) निवासी कड़ी आत्री, थाना कुकड़ेश्वर, जिला नीमच को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपए कीमत का डोडाचूरा और 8 लाख रुपए कीमत की फोर्ड कार जब्त की है। मामले में थाना जावद पर अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस अब मादक पदार्थ के सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में की गई। इसमें उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह सिसोदिया सहित नयागांव पुलिस चौकी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।