नीमच। आउटसोर्स कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने का मुद्दा अब जोर पकड़ने लगा है। श्रम विभाग के आदेशों के बावजूद कर्मचारियों को महीनों तक वेतन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इससे कर्मचारियों के सामने परिवार के भरण-पोषण और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो रहा है। इस मामले में कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष एड. प्रकाश रांका ने कर्मचारियों के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में मेहनत करने वाले कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। जब श्रम विभाग के आदेश जारी हैं, तो फिर कर्मचारियों को अपने ही मेहनताने के लिए इंतजार क्यों करना पड़ रहा है? एड. रांका ने मांग की कि आउटसोर्स कर्मचारियों का समस्त बकाया वेतन तत्काल दिलाया जाए तथा भुगतान में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार ठेकेदारों एवं अधिकारियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा का सवाल गंभीरता से उठाया जाना चाहिए। एड. प्रकाश रांका ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के हक की लड़ाई में वे उनके साथ खड़े हैं और वेतन भुगतान होने तक इस मुद्दे को उठाते रहेंगे।