नीमच। हिंगोरिया फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास बुधवार को करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान वाहन चालकों के साथ ऑटो में सवार स्कूली बच्चे भी जाम में फंसे रहे। हैरानी की बात यह रही कि जाम खुलवाने के लिए मौके पर काफी देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी या यातायात पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा।
बता दें कि हिंगोरिया फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते पहले से ही आवागमन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी इंतजाम नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बुधवार को जाम के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को निकलने तक की जगह नहीं मिली। स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे ऑटो भी काफी देर तक जाम में फंसे रहे। इससे बच्चों और उनके अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई।