खोर / नीमच। आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, खोर में वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री आवासा मिश्रा (यूनिट हेड - विक्रम सीमेंट वर्क्स, खोर एवं चेयरमैन - ए.बी.पी. स्कूल) ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। सम्माननीया अतिथि के रूप में श्रीमती ममता मिश्रा (अध्यक्षा - राजश्री महिला मंडल) उपस्थित रहीं। इस अवसर पर श्री अनन्त शर्मा (एफएच -एचआर एवं मैनेजर ए.बी.पी.एस.),श्री डी.के. सिंह (प्रोजेक्ट हेड), श्री अक्षय जैन (एफएच - टेक्निकल), श्री आशीष हिंगर (एफएच - एफ. एण्ड सी.),श्रीमती रिंकू बनर्जी (प्राचार्या - आदित्य बिड़ला हायर सेकेण्डरी स्कूल, खोर) एवं श्रीमती प्रियदर्शिनी चौहान (प्राचार्या - आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, खोर) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य से हुई। इसके बाद विद्यालयगान प्रस्तुत किया गया। प्राचार्या श्रीमती प्रियदर्शिनी चौहान ने सत्र 2025-26 में विद्यालय द्वारा प्राप्त विशेष उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया और बच्चों की मेहनत की सराहना की।
अदिति को मिला चेयरमैन अवार्ड-
विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि प्राप्त छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान सबसे बड़ी उपलब्धि कक्षा 12वीं की छात्रा अदिति पूनिया के नाम रही। सी.बी.एस.ई. 2025-26 में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर उन्हें 'चेयरमैन अवार्ड' के तहत 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। गौरतलब है कि आदित्य बिड़ला ग्रुप में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 1,365 चयनित छात्रों में अदिति पूनिया का चयन हुआ है। पुरस्कार प्राप्त कर छात्रा ने विद्यालय एवं अभिभावकों को गौरवान्वित किया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा।
'वसुदेव सुतम्' और अंग्रेजी नाटक बना आकर्षण- छात्रों ने मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रमों का मंचन किया। अंग्रेजी नाटक के माध्यम से आधुनिक डिजिटल सुविधाओं के अनावश्यक प्रयोग पर रोक तथा उसके सदुपयोग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं हिंदी कार्यक्रम का कथानक रहा वसुदेव सुतम्'। इसमें श्रीकृष्ण के अवतार, उनके जीवन की विविध लीलाओं एवं क्रियाओं को डांस-ड्रामा के रूप में प्रस्तुत कर छात्रों ने समाज सुधार के लिए प्रेरित किया। बच्चों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि श्री आवासा मिश्रा ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए सभी छात्रों को निरंतर परिश्रम करते रहने तथा एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन प्राचार्या श्रीमती प्रियदर्शिनी चौहान के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हुआ।