मनासा । दीपोत्सव का पर्व केवल रोशनी और खुशियों का ही नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का भी अवसर है। इसी भावना को साकार करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा तिवारी ने वोकल फॉर लोकल अभियान के तहत स्थानीय बाजार से दीपक और अन्य दीपावली सामग्री की खरीदी की। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से दीपक एवं सजावटी सामग्री खरीदकर छोटे व्यापारियों का उत्साह बढ़ाया और स्थानीय व्यवसाय को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। परिषद अध्यक्ष डॉ सीमा तिवारी दोपहर 2.15 बजे अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी के साथ द्वारिकापुरी धर्मशाला के सामने पहुंची। और हाथ ठेले पर दीपक और सजावटी सामान खरीदे और दुकानदारों से चर्चा कर उनसे व्यापार कैसा रहा इसको लेकर बात की ।अध्यक्ष ने बाजार में खरीदी करने आई महिलाओं और युवतियों एवं युवाओं से कहा कि वे आनलाइन खरीदी करने से बचे । आनलाइन पर धोखाधड़ी ज्यादा होने की संभावना रहती है। दीपोत्सव पर्व पर हमारे लोकल छोटे छोटे दुकानदारों को उम्मीद रहती है कि नगर की जनता उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पाद की खरीदी करे ताकि स्थानीय व्यवसाय को बढ़ावा मिल सके।
डॉ. तिवारी ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब इनके माध्यम से हमारे स्थानीय कारीगरों, छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के घरों में भी खुशहाली पहुंचे। स्थानीय बाजार से खरीदारी करने से न केवल छोटे व्यापारियों को आर्थिक संबल मिलता है, बल्कि स्वदेशी उत्पादों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दीपावली पर अधिक से अधिक स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करें और वोकल फॉर लोकल की भावना को जनआंदोलन ब
बनाए ।