( मनोज मीणा )

नीमच। दीपावली की रात जब पूरा शहर दीपों से जगमगा रहा था,तब खाकी वर्दी में जवान सड़कों,चौराहों और थानों पर मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे थे। अपनों से दूर,परिवार से दूर,लेकिन शहर की सुरक्षा के लिए कर्तव्य पर डटे इन जवानों की दीपावली को खास बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास अपनी धर्मपत्नी के साथ मैदान में उतर आए।एसपी व्यास ने दीपावली की शाम शहर के प्रमुख चौराहों पर ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और उनके साथ खुशियां बांटी। इसके बाद पुलिस कप्तान कैंट थाना पहुंचे,जहां ड्यूटी पर तैनात जवानों से आत्मीय मुलाकात की। वहां से वे पुलिस कंट्रोल रूम और फिर सिटी थाना पहुंचे। हर जगह उन्होंने जवानों को दीपोत्सव की बधाई दी, मिठाई खिलाई और उनके साथ कुछ पल बिताए।

खिले जवानों के चेहरे-त्योहार के दिन अपने कप्तान को अपने बीच पाकर जवानों के चेहरे खिल उठे। आमतौर पर त्योहार पर हर किसी को परिवार के साथ रहने की चाह होती है, लेकिन पुलिस जवान व्यक्तिगत खुशियों से पहले जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में एसपी का पत्नी संग जवानों के बीच पहुंचना उनके लिए बेहद खास रहा।

नेतृत्व में अपनत्व का भाव- यह पहल सिर्फ मिठाई बांटने तक सीमित नहीं रही,बल्कि पुलिस परिवार के प्रति सम्मान,संवेदनशीलता और अपनेपन का संदेश भी दे गई। त्योहार पर परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में जुटे जवानों को यह एहसास हुआ कि उनकी मेहनत और समर्पण को विभाग का नेतृत्व भी समझता है।

वर्दी के पीछे भी एक परिवार होता है-भावनाएं होती हैं और अपनों के साथ त्योहार मनाने की चाह होती है। एसपी राजेश व्यास का जवानों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना पुलिस परिवार में आत्मीयता और विश्वास के रिश्ते को और मजबूत करने वाली पहल साबित हुआ। कर्तव्य के प्रति समर्पण का सम्मान और नेतृत्व में अपनत्व का भाव... नीमच पुलिस की दीपावली की यह शाम जवानों के लिए सच में यादगार बन गई।