नीमच । दिवाली की काली रात शहर के लिए खूनी साबित हुई। कैंट थाना क्षेत्र के भरभड़िया चौराहे पर स्थित 'हाईवे 24x7' कैफे पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात दो गुटों के बीच भीषण संघर्ष हो गया। 20 से अधिक युवकों के बीच हुई इस झड़प में एक पक्ष के युवक पर गाड़ी चढ़ाकर कुचलने की भी कोशिश की गई। इस घटना में नीमच सिटी भाजपा नेता मनीष चौरसिया के युवा पुत्र ईशान चौरसिया की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई। घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू ईशान की मौत का तरीका रहा। विवाद के बाद ईशान काफी देर तक पूरी तरह होश में था। पुलिस थाने में हुई शुरुआती कागजी कार्रवाई के दौरान भी वह सामान्य स्थिति में था और बयान दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि ईशान के कान के नीचे अंदरूनी चोट आई थी। जब पुलिस उसे मेडिकल और प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची,तो वहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया।
एसपी पहुंचे थाने, 4 राउंडअप- मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश व्यास खुद कैंट थाने पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को राउंडअप (हिरासत में) कर लिया है। एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि ईशान की मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
दूसरे पक्ष का रवि गंभीर, उदयपुर रेफर; 3 अन्य घायल- इस खूनी टकराव में दूसरे पक्ष के रवि नाम के युवक और एक स्थानीय नाकेदार के पुत्र की संलिप्तता सामने आई है। गंभीर रूप से घायल रवि की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल उदयपुर रेफर किया गया है।
इसके अलावा तीन अन्य युवक घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है -
*1.* मेघ जैन (पिता: राकेश 'पप्पू' जैन, निवासी: विकास नगर)
*2.* निहाल शर्मा (पिता: रवि शर्मा, उम्र: 20 वर्ष, निवासी: नीमच सिटी)
*3.* रुद्राक्ष (पिता: राजेश, उम्र: 25 वर्ष, निवासी: वीर पार्क रोड)
अस्पताल में उमड़ा समर्थकों का हुजूम-घटना की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में परिजनों और समर्थकों का भारी जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार और भाजपा नेता महेंद्र 'बबलू' भटनागर सहित कई जनप्रतिनिधि व शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
देर रात तक खुलने वाले ढाबे बने सवाल-
स्थानीय लोगों के अनुसार, भाटखेड़ा फंटे से लेकर नयागांव टोल तक जिला सीमा में स्थित दर्जनों ढाबे और होटल लंबे समय से संदिग्ध व असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बने हुए हैं। देर रात तक खुली रहने वाली इन जगहों पर आए दिन युवाओं का जमावड़ा रहता है, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
कैंट थाना पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।