नयागांव। केसरपुरा रोड स्थित जाट श्री होटल के पास दिवाली की रात टायर-पंचर की दुकान के बाहर रखे टायरों की आगजनी की घटना में दुकानदार मुकेश मेघवाल को करीब 2 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। शुरुआती जानकारी में चलती बाइक से जलते पटाखे फेंके जाने की आशंका जताई गई थी,लेकिन अब सामने आए एक वीडियो में सड़क पर आगे जा रहे एक वाहन के पास आग जैसी लपटें और चमक दिखाई देने से आग लगने के कारणों को लेकर जांच की जरूरत महसूस हो रही है। जानकारी के अनुसार फोरलेन हाईवे पर जाट श्री होटल के पास मुकेश मेघवाल की टायर-पंचर की दुकान है। दिवाली की रात दुकान के बाहर रखे करीब 50 से 60 पुराने टायरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते रबर के टायरों ने आग पकड़ ली और लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
वीडियो ने बढ़ाया सस्पेंस- वाहन से निकलती दिखी आग जैसी लपटें- घटना के बाद सामने आए वीडियो में रात के समय सड़क पर आगे चल रहे एक वाहन के पास आग जैसी चमक और लपटें दिखाई दे रही हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि कहीं किसी वाहन से निकली चिंगारी या आग की लपटें तो टायरों तक नहीं पहुंचीं? टायरों में लगी आग पर सामान्य पानी से काबू पाना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलते ही विक्रम सीमेंट की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आधुनिक फोम सिस्टम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। समय पर दमकल पहुंचने से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया।
अब जांच का विषय : आखिर दुकान के बाहर रखे टायरों में आग कैसे लगी? क्या जलते पटाखे इसकी वजह बने या किसी वाहन से निकली चिंगारी ने आग को जन्म दिया? वायरल वीडियो की जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने से घटना की असली वजह सामने आ सकती है।