नयागांव। केसरपुरा  जाट श्री होटल के पास रविवार देर रात पटाखों की कथित चिंगारी से एक टायर की दुकान में भीषण आग लग गई। लपटों की चपेट में आने से दुकान के बाहर व भीतर रखे टायरों सहित करीब दो लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
​जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे की है। दुकान संचालक मुकेश मेघवाल के अनुसार, कुछ लोग सड़क पर लापरवाही से पटाखे चलाते हुए वहां से गुजर रहे थे। आरोप है कि आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी से दुकान के बाहर रखे टायरों ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें उठने लगीं।
​सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने आग की लपटें उठती देख तत्काल दुकान संचालक को फोन पर सूचना दी। संचालक और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा नयागांव नगर परिषद के दमकल दल को सूचना दी गई। करीब आधा घंटे बाद नगर परिषद का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन आग का फैलाव अधिक होने के कारण छोटी दमकल से लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। ​स्थिति बिगड़ती देख पास ही स्थित विक्रम सीमेंट संयंत्र से अतिरिक्त दमकल वाहन को मदद के लिए बुलवाया गया। इसके बाद दोनों दमकल वाहनों ने संयुक्त रूप से करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझने तक दुकान में रखे पुराने स्क्रैप टायर और ग्राहकों के मरम्मत के लिए आए चालू टायर जलकर नष्ट हो चुके थे।
​इनका कहना है
​"रात में कुछ लोग लापरवाही पूर्वक पटाखे चलाते हुए जा रहे थे, जिसकी चिंगारी से दुकान में आग लगी। आग की चपेट में आने से स्क्रैप और ग्राहकों के चालू टायरों सहित करीब दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है।"
— मुकेश मेघवाल, पीड़ित दुकान संचालक