नीमच। गायत्री परिवार की ओर से दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह केवल पर्व मनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि परस्पर प्रेम, आत्मीयता, सद्भाव और पारिवारिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बना। गायत्री परिवार की परंपरा के अनुसार परिजनों ने एक-दूसरे से मिलकर अपनेपन का अनुभव किया,शुभकामनाएं दीं और स्नेहपूर्वक स्वल्पाहार ग्रहण किया। साथ बैठकर किए गए अल्पाहार ने आपसी दूरियां मिटाकर प्रेम और भाईचारे को और प्रगाढ़ किया। समारोह में उपस्थित परिजनों ने इस दीपावली पर संकल्प लिया कि जीवन में केवल दीपकों का ही नहीं, बल्कि प्रेम, सहयोग, सद्भाव और संस्कारों का प्रकाश भी फैलाया जाएगा। इस अवसर पर गायत्री परिवार के मूल मंत्र "हम सुधरेंगे - युग सुधरेगा, हम बदलेंगे - युग बदलेगा"का स्मरण किया गया। आयोजकों ने कहा कि स्नेह मिलन ही परिवार की शक्ति है और आत्मीयता ही हमारी संस्कृति की पहचान है।