नीमच। नीमच जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तगड़ा शिकंजा कसा है। शुक्रवार देर रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने शहर के मशहूर ‘आरती भोजनालय’ और ‘श्री पंडित पुड़ी भंडार’ पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। जांच के दौरान जो सच सामने आया, उसने आम जनता के सच्चाई से अवगत कराया है ! भोजनालयों के भीतर गंदगी का साम्राज्य था और ग्राहकों की सेहत से सीधे खिलवाड़ किया जा रहा था। हालात इतने बदतर मिले कि प्रशासनिक टीम को तुरंत प्रभाव से दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने पड़े और दोनों ढाबों/भोजनालयों को सील कर दिया गया। आधी रात को हुई इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य मिलावटखोर दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।