नीमच। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर शुक्रवार को नगर पालिका के खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर पालिका स्वास्थ्य अमले ने संयुक्त कार्रवाई की। खाद्य निर्माण इकाइयों में भारी अस्वच्छता मिलने पर दो प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया, जबकि 48 किलो अचार जब्त करने के साथ छह खाद्य नमूने लिए गए। इसके अलावा गंदगी और अतिक्रमण पर चार दुकानों के चालान बनाकर 3 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
बता दें कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों यशवंत शर्मा और राजू सोलंकी की मौजूदगी में आरती भोजनालय और पंडित पूरी भंडार की खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों जगह खाद्य सामग्री बनाने की परिस्थितियां बेहद अस्वच्छ मिलीं। बर्तन जंग लगे हुए थे और मशीनों पर भी गंदगी जमा थी। खाद्य पदार्थों के निर्माण में स्वच्छता के मानकों की अनदेखी सामने आने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छह नमूने लिए। आरती भोजनालय से पैकिंग का अचार, ग्रेवी पेस्ट, छाछ और मटर-पनीर की सब्जी के नमूने लिए गए। वहीं पंडित पूरी भंडार से लूज अचार और बटर रोटी का नमूना लिया गया।
आरती भोजनालय से नियमों का उल्लंघन मिलने पर 48 किलो अचार जब्त किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों के पंजीयन निरस्त करने के साथ नपा के अमले ने सीलिंग की कार्रवाई की।
चार दुकानों पर लगाया जुर्माना -
नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देशन में स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक के नेतृत्व में चले अभियान में पंडित पूरी भंडार और आरती भोजनालय पर एक-एक हजार रुपए, जबकि मोहन मिष्ठान भंडार और कैलाश पूरी भंडार पर 500-500 रुपए का चालान बनाया गया। इस तरह कुल 3 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। निरीक्षण के दौरान इंदिरा नगर चौराहे पर निमा डेयरी के पास स्थित सम्राट सेव प्रतिष्ठान पर भी भारी गंदगी मिली। यहां आगामी दिनों में कार्रवाई की जा सकती है। अभियान में स्वच्छता निरीक्षक भारतसिंह भारद्वाज, सहायक राजस्व निरीक्षक योगेश टांकवाल, गैंग प्रभारी दीपक गौहर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।