लजीरन ।  कृषि उपज मंडी जीरन में सोमवार को प्याज की बंपर आवक से व्यवस्था चरमरा गई। मंडी के अंदर जगह नहीं बची तो बाहर सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शाम 7:30 बजे तक मंडी का गेट बंद कर दिया गया। मंडी सूत्रों के अनुसार सोमवार को मंडी के अंदर ही 2 हजार से 3 हजार कट्टों के आसपास प्याज की आवक दर्ज की गई। जबकि बाहर बीती रात से ही प्याज से भरे वाहन कतार में खड़े थे।

दोनों तरफ जाम जैसे हालात-मंडी गेट से जीरन-नीमच सड़क मार्ग पर श्री गणेश मंदिर तक चार पहिया वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। वहीं दूसरी ओर मंडी गेट से चीताखेड़ा मार्ग तक भी प्याज से भरे वाहन कतार में खड़े नजर आए। इससे आम यातायात भी प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि दो दिन के अवकाश के दौरान भी मंडी में प्याज की बड़ी आवक हुई थी। सोमवार को मंडी खुलते ही फिर बंपर आवक का दौर शुरू हो गया।

किसानों के लिए अलर्ट-मंडी में लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए मंगलवार, 17 नवंबर को प्याज लेकर आने वाले किसान घर से निकलने से पहले मंडी से आवक और गेट की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें। बाहर वाहनों की लंबी कतार को देखते हुए गेट दोबारा बंद किए जाने की संभावना है। बिना जानकारी के रवाना होने पर किसानों को रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।