मंदसौर। आगामी 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधी सागर में मध्यप्रदेश सरकार की प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर वर्ष 2023 में मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे किसान नेता श्यामलाल जोकचन्द ने प्रदेश सरकार के सामने जिले की ज्वलंत समस्याओं को उठाते हुए दो टूक कहा कि गांधी सागर की कैबिनेट बैठक केवल औपचारिकता, फोटो सेशन और घोषणाओं का मंच बनकर नहीं रहनी चाहिए। यदि सरकार वास्तव में मंदसौर जिले के विकास के प्रति गंभीर है तो उसे इस बैठक में वर्षों से उपेक्षित मल्हारगढ़ विधानसभा सहित पूरे जिले के लिए ठोस बजट, विशेष पैकेज और समयबद्ध कार्ययोजना घोषित करनी चाहिए।

जोकचन्द ने कहा कि मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के साथ रोजगार के नाम पर आखिर कब तक अन्याय होता रहेगा? क्षेत्र में आज तक कोई बड़ा उद्योग स्थापित करने की गंभीर पहल नहीं हुई। हजारों युवा बेरोजगार हैं, रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों और राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। सरकार चुनाव के समय रोजगार के बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन मल्हारगढ़ के युवाओं के लिए धरातल पर क्या किया गया? सरकार गांधी सागर की कैबिनेट बैठक में मल्हारगढ़ के लिए विशेष औद्योगिक क्षेत्र घोषित करे और छोटे-बड़े उद्योग स्थापित करने के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज स्वीकृत करे। स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की नीति भी बनाई जाए।

डोडाचूरा नीति ने हजारों परिवारों को संकट में डाल दिया, आखिर सरकार कब जागेगी?

जोकचन्द ने कहा कि मंदसौर संसदीय क्षेत्र में डोडाचूरा का मुद्दा केवल खेती और खरीद का मामला नहीं रह गया है, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर सामाजिक और कानूनी संकट बन चुका है। सरकार की मौजूदा नीति के कारण अनेक युवा एनडीपीएस के मामलों में जेलों में बंद हैं और कई जमानत पर बाहर आकर वर्षों से न्यायालयों के चक्कर लगा रहे हैं। परिवार आर्थिक, सामाजिक और मानसिक संकट झेल रहे हैं। आखिर इन परिवारों की पीड़ा सुनने वाला कौन है?

सरकार को डोडाचूरा नीति पर गंभीर पुनर्विचार करना चाहिए। किसानों का डोडाचूरा तत्काल उचित मूल्य पर खरीदने की व्यवस्था बनाई जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिले और भविष्य में निर्दोष परिवारों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। डोडाचूरा से संबंधित कानूनी और नीतिगत विसंगतियों की भी समीक्षा की जाए।

सरकारी अस्पताल इलाज के बजाय रेफर सेंटर बन गए, आम आदमी की जान की कीमत कौन चुकाएगा?

जोकचन्द ने कहा कि मंदसौर जिले की चिकित्सा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों, आधुनिक उपकरणों, पर्याप्त स्टाफ और जरूरी चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। गंभीर मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल और फिर बड़े शहरों में रेफर किया जाता है। गरीब परिवारों के पास निजी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए लाखों रुपये नहीं हैं। सरकार को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष चिकित्सा पैकेज देना चाहिए। जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और आपातकालीन सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं और निजी स्कूलों की फीस आम आदमी की कमर तोड़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है। कहीं स्कूल बंद हो रहे हैं तो कहीं पर्याप्त शिक्षक और बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। दूसरी तरफ निजी स्कूलों की भारी-भरकम फीस गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। सरकार बच्चों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती। सरकारी स्कूलों को बंद करने के बजाय उनमें शिक्षक, भवन, प्रयोगशालाएं और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निजी शिक्षण संस्थानों को विधायक और सांसद निधि से राशि देने की व्यवस्था पर रोक लगाकर सरकारी स्कूलों को मजबूत करने में सार्वजनिक धन खर्च किया जाए।

रोजड़ों से बर्बाद हो रही किसानों की फसल, खाद-बीज के लिए भी किसान परेशान।

जोकचन्द ने कहा कि रोजड़े (नीलगाय) किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान दिन-रात मेहनत करता है, लेकिन फसल बचाने के लिए उसे लगातार संघर्ष करना पड़ता है। सरकार रोजड़ों से फसलों की सुरक्षा के लिए स्थायी और प्रभावी योजना बनाए। खाद और बीज के लिए किसानों को घंटों परेशान होना पड़ता है। ऑनलाइन पंजीयन की जटिल व्यवस्था समाप्त कर सरल व्यवस्था लागू की जाए, ताकि प्रत्येक किसान को समय पर पर्याप्त खाद और बीज मिल सके। किसानों को रात के बजाय दिन में पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अंधेरे में खेतों पर जाने की मजबूरी न रहे।

पशुपालकों को भी राहत दे सरकार, पशु आहार पर मिले आर्थिक सहायता।

जोकचन्द ने मांग की कि पशुपालकों को राहत देने के लिए प्रत्येक पशु को 3 रुपये प्रति किलो की दर से पशु आहार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही राशन दुकानों के माध्यम से प्रत्येक पशु को प्रतिमाह एक क्विंटल पशु आहार देने की व्यवस्था की जाए। इससे छोटे और मध्यम पशुपालकों को बड़ी राहत मिल सकेगी और पशुपालन को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकेगा।

गांधी सागर सिंचाई परियोजना में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच हो, करोड़ों रुपये की योजना का लाभ जनता को मिले।

जोकचन्द ने कहा कि मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में गांधी सागर सिंचाई परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस परियोजना में सामने आ रही कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और स्वतंत्र निगरानी की व्यवस्था की जाए। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि किसानों को अपेक्षित सिंचाई सुविधा नहीं मिलती है तो यह जनता के साथ अन्याय होगा। परियोजना के प्रत्येक निर्माण कार्य की गुणवत्ता, बजट खर्च और कार्य की प्रगति की पारदर्शी समीक्षा होनी चाहिए। दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि परियोजना का वास्तविक लाभ क्षेत्र के किसानों और आम जनता को मिले।

श्यामलाल जोकचन्द ने अंत में कहा कि गांधी सागर में सरकार की कैबिनेट बैठक हो रही है तो सरकार को मंदसौर जिले की जनता के सवालों का जवाब भी देना चाहिए। जिले के युवा रोजगार मांग रहे हैं, किसान अपनी फसल और उपज का उचित मूल्य मांग रहे हैं, पशुपालक पशु आहार मांग रहे हैं, मरीज बेहतर इलाज मांग रहे हैं और गरीब परिवार अपने बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा चाहते हैं। इन मांगों को नजरअंदाज करके विकास की तस्वीर पेश नहीं की जा सकती।

सरकार से हमारी स्पष्ट मांग है कि 18 नवंबर की कैबिनेट बैठक में मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज, डोडाचूरा खरीदी की प्रभावी नीति, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के लिए विशेष बजट, किसानों के लिए खाद-बीज और दिन की बिजली, पशुपालकों के लिए पशु आहार सहायता तथा गांधी सागर सिंचाई परियोजना की निष्पक्ष निगरानी के संबंध में ठोस निर्णय लिए जाएं।

जनता को अब केवल आश्वासन नहीं, अपने हक का हिसाब और धरातल पर विकास चाहिए। गांधी सागर की कैबिनेट बैठक तभी सार्थक मानी जाएगी, जब उसके फैसलों से मंदसौर जिले के आम आदमी की जिंदगी में वास्तविक बदलाव आएगा।