दीपक चौहान।यह कोई पहली मर्तबा नहीं है, जब शीर्ष स्तर के सरकारी आयोजनों में पत्रकारों को इस तरह जलालत का शिकार होना पड़ा...इसके पूर्व भी कई मर्तबा सम्माननीय पत्रकारों के आत्म सम्मान को ठेस पहुंचाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के नुमाइंदों ने कभी कोई कसर नहीं छोड़ी है...हालांकि जिले में प्रदेश के मुखिया के आगमन के दौरान हैलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक जलील करने की इस शर्मनाक व्यवस्था और परंपरा का शिकार हृदय की गहराइयों से स्वागत करने वाले खुद सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी पूर्व में हो चुके है...जिसके बाद विवाद नोंक-झोंक और तीखी प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलती रही है...हालांकि वहां पार्टी से जुड़ा मसला पार्टी स्तर पर शीर्ष नेताओं की चालाकियों भरी एक "बुच-कार" और सुलह के बीच निपट ही जाता है,,, और "जो हुआ सौ हुआ" मानकर संगठन के लोग दोबारा पार्टी का झंडा उठाते हुए अपने कर्तव्य पथ पर चल पड़ते है...!
लेकिन यहां बात जब पत्रकारों के सम्मान से जुड़ी हो तो सरकार और उसके सिस्टम के लिए यह विषय थोड़ा गंभीर हो जाता है...जहां इस तरह के शर्मनाक घटनाक्रम बर्दाश्त करने योग्य नहीं होते...और अक्सर विरोधाभास जैसे हालात निर्मित हो जाते है,
शासन-प्रशासन के प्रमुख आयोजनों के दौरान एक पत्रकार की अपेक्षा महज उस सम्मान की होती है, जो उसे अपनी खबर कवर करने के दौरान माकूल व्यवस्था के बीच मिल जाए...बाकी तो वहां एक ग्लास पानी भी नसीब होगा कि नहीं...इसकी उम्मीद भी एक पत्रकार किसी से नहीं रखता...लेकिन एक पत्रकार के इसी निस्वार्थ भाव को अनायास ही दुर्व्यवहार और अपमान का सामना करना पड़े...तो शर्म जिम्मेदारों को आना ही चाहिए...?
हालांकि बात थोड़ी कड़वी है, लेकिन हकीकत यह भी है कि पत्रकारों के खिलाफ इस प्रकार की वाहियाद परिपाटी को जन्म देने वाले भी शायद हम ही लोग है...जो बार-बार इन परिस्थितियों से दो चार होते है, और हर-बार भूलकर लग जाते है, शासन-प्रशासन की प्रशंसा के पुल बांधने में...बतौर उदाहरण यदि जनसुनवाई में किसी पीड़ित की सुध लेने कलेक्टर साहब अपनी कुर्सी छोड़कर बाहर आ जाए तो उस वक्त की वो बड़ी और अहम खबर बन जाती है...
कानून व्यवस्था पर पहले लापरवाही और फिर अपराध कारीत होने पर जागने वाली पुलिस को हम खबरों में "एक्शन मोड़" की सलामी दे देते है...कोई खास वजह न होते हुए भी हम शासन और प्रशासन से जुड़े लोगों को प्रसन्न करने के रास्ते ढूंढते फिरते है...और उन्हें गर्व महसूस कराने वाली उपाधि से अपने समाचारों के माध्यम से नवाजते भी है...और यदि इतने पर भी हमें हमारा सम्मान पाने के लिए लड़ना पड़े...सरकारी कार्यक्रमों में उसे ढूंढना पड़े तो इस जलालत के जिम्मेदार शायद हम ही है...?
रही बात किसी भी सरकारी या निजी आयोजन के बहिष्कार की तो यह हमारे असंगठित होने को हर बार परिभाषित करता आया है...ऐसे में क्यों ना इस बहिष्कार की गूंज आगामी समय में भी सुनाई दे, और इस बहिष्कार के प्रयोग से पत्रकारों के सम्मान और उनके हित में किसी नए आविष्कार का जन्म हो...ताकि इस तरह के घटनाक्रमों की कभी पुनरावृत्ति न हो...!