नीमच। नीमच कृषि उपज मंडी में उस समय हलचल मच गई, जब भोपाल से मंडी के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) राघवेंद्र सिंह अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। एमडी के पहुंचते ही मंडी प्रशासन सक्रिय हो गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित प्रशासनिक और मंडी के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंडी परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई अव्यवस्थाएं सामने आईं,जिन्हें एमडी ने गंभीरता से देखा। मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली गई। एग्रीकल्चर मंडी से जुड़े अधिकारी निशांत वरवड़े भी निरीक्षण के दौरान पहुंचे और मंडी की व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
किसानों ने बताईं समस्याएं, अधिकारियों के सामने रखी मांगें- निरीक्षण के दौरान किसानों ने भी अधिकारियों के सामने अपनी समस्याओं का पिटारा खोल दिया। मंडी परिसर में आने वाली परेशानियों और व्यवस्थागत कमियों से अधिकारियों को अवगत कराया। किसानों ने समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई।
एमडी ने मंडी सचिव सहित संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने और सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। अचानक हुए इस निरीक्षण से मंडी प्रशासन में हलचल साफ नजर आई।
निरीक्षण के बाद कार्रवाई का इंतजार
निरीक्षण में अव्यवस्थाएं सामने आने और किसानों की शिकायतें अधिकारियों तक पहुंचने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या केवल सुधार के निर्देश देकर मामला खत्म हो जाएगा या लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी? फिलहाल किसानों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि निरीक्षण के बाद धरातल पर कितना बदलाव आता है। खबर लिखे जाने तक मंडी में अधिकारियों का निरीक्षण जारी था।