नीमच/मनासा। जमीन से जुड़े काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे फरियादी से रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। मनासा तहसील के ग्राम खानखेड़ी में पदस्थ पटवारी जितेश मराठा को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया।
16 हजार की मांग, 3 हजार पहले लेने का आरोप- लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खानखेड़ी निवासी तेजूदास बैरागी ने 12 नवंबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन विनोद कुमार दीक्षित को शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके दो प्लॉटों पर हुए अतिक्रमण को दर्ज कराने के एवज में पटवारी जितेश मराठा ने प्रति प्लॉट 8 हजार रुपए के हिसाब से कुल 16 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत के बाद बातचीत में पटवारी 10 हजार रुपए लेने पर सहमत हुआ। आरोप है कि उसने उसी दौरान 3 हजार रुपए पहले ही ले लिए थे।
मोटरसाइकिल के बैग में रखवाए रुपए
शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान पटवारी ने शेष राशि में से 2 हजार रुपए शिकायतकर्ता से अपनी मोटरसाइकिल के बैग में रखवाए। लोकायुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल के बैग से रिश्वत की राशि बरामद कर ली और पटवारी को पकड़ लिया।
डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची टीम
यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा डीआईजी मनोज कुमार सिंह और उज्जैन लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप टीम में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक शिवकुमार शर्मा और मोहम्मद इसरार शामिल रहे।
कार्रवाई के बाद सवाल: जमीन पर अतिक्रमण दर्ज कराने जैसे राजस्व संबंधी काम के लिए रिश्वत की मांग के आरोप ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतों को चर्चा में ला दिया है।