सिंगोली;- शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों एवं जनसेवा के कार्यों में अग्रणी रहने वाली संस्कार विद्या निकेतन,सिंगोली द्वारा मानव सेवा की दिशा में एक और सराहनीय पहल की गई। विद्यालय में गोमाबाई नेत्रालय,नीमच के सहयोग से विद्यार्थियों एवं नगरवासियों के लिए निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर आयोजित किया गया । शिविर में 500 से अधिक विद्यार्थियों एवं नागरिकों का नेत्र परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों द्वारा आँखों की जाँच कर नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सावधानियाँ बताई गईं। जाँच के दौरान जिन विद्यार्थियों एवं नागरिकों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उन्हें निःशुल्क चश्मे एवं आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।

सेवा कार्यों में लगातार आगे बढ़ रहा संस्थान-ज्ञात रहे कि संस्कार विद्या निकेतन परिवार द्वारा दो दिन पूर्व भी जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं फल वितरित किए गए थे। सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाने की इस पहल की नगरवासियों ने सराहना की। संस्कार विद्या निकेतन का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनमें सेवा, संस्कार,संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। संस्था द्वारा समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्य किए जाते रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रमुख श्री विशाल जैन ने जनहित में सहयोग प्रदान करने के लिए गोमाबाई नेत्रालय,नीमच का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा पहुँचाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। संस्कार विद्या निकेतन की इस पहल को नगरवासियों ने शिक्षा के साथ सेवा और संस्कार का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए सराहा।