नीमच। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्टी से बनी अवैध शराब बरामद की। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर सिंगोली पुलिस ने घेराबंदी कर हीरो एचएफ डीलक्स क्रमांक MP 44 MN 9140 को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार बाला उर्फ बालाराम भील (22), निवासी वार्ड क्रमांक 15, माधव विलास सिंगोली के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्टी की अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में थाना सिंगोली पर अपराध क्रमांक 200/26 के तहत धारा 49(क) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विशाल गंगवाल, आरक्षक रविंद्र पाटीदार एवं आरक्षक रिंकू डांगी की विशेष भूमिका रही।