नीमच/जावद। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जावद एवं नीमच क्षेत्र में पत्रकारों के साथ कथित मारपीट, लूटपाट, अभद्रता और जान से मारने की धमकियों के मामले सामने आने के बाद पत्रकार जगत में आक्रोश व्याप्त है। सवाल यह उठ रहा है कि जब लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के प्रहरी कहे जाने वाले पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करें? पत्रकारों का आरोप है कि कुछ रसूखदार लोगों के प्रभाव और दबाव का इस्तेमाल कर पत्रकारों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। खबरों के माध्यम से जनसमस्याओं और कथित अनियमितताओं को उजागर करने वाले पत्रकारों को निशाना बनाया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है।हाल ही में जावद निवासी पत्रकार महमूद हुसैन ने पुलिस थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार, पूर्व में एक मामले में उनके द्वारा डायल 112 पर सूचना दिए जाने से नाराज होकर उन्हें धमकाया गया। वहीं, पत्रकार कन्हैयालाल शर्मा के साथ कथित मारपीट एवं अभद्रता का मामला भी पत्रकार संघ के ज्ञापन में उठाया गया है। इन घटनाओं को लेकर आंचलिक पत्रकार संघ जिला इकाई नीमच ने 23 नवंबर 2026 को राज्यपाल मध्यप्रदेश एवं पुलिस अधीक्षक नीमच के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रसूखदारों का दबाव आखिर कब तक?-पत्रकारों का कहना है कि यदि किसी खबर से कोई व्यक्ति असहमत है तो उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन पत्रकारों को धमकाना, मारपीट करना या झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पत्रकारों की शिकायतों पर समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती और उन्हें सुरक्षा नहीं मिलती, तो आम नागरिकों की फरियाद कौन सुनेगा? क्या रसूख और प्रभाव के दम पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर कार्रवाई होगी या फिर पीड़ितों को ही न्याय के लिए भटकना पड़ेगा?
प्रशासन से उठी सख्त कार्रवाई की मांग- आंचलिक पत्रकार संघ ने मांग की है कि पत्रकारों के साथ हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए, शिकायतकर्ताओं को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही कथित झूठी एफआईआर और पत्रकारों को प्रताड़ित करने के मामलों की भी निष्पक्ष जांच हो। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पत्रकारों को न्याय नहीं मिला तो जिला स्तर से लेकर पूरे मध्यप्रदेश में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर कितनी गंभीरता दिखाता है। क्योंकि सवाल सिर्फ पत्रकारों का नहीं, बल्कि आम नागरिक की सुरक्षा, कानून के राज और लोकतंत्र की स्वतंत्र आवाज का भी है।