नीमच। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 के रीजनल स्तरीय अवॉर्ड सेरेमनी एवं दीपावली मिलन समारोह में रोटरी क्लब नीमच कैंट को सेवा कार्यों एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। जैसा कि विदित हो कि रोटरी क्लब नीमच कैंट विगत 25 वर्षों से निरंतर पीड़ित मानवता की सेवा एवं सामाजिक सरोकारों के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। क्लब की वर्तमान टीम द्वारा पिछले चार माह में किए गए सेवा कार्यों एवं गतिविधियों को देखते हुए विभिन्न अवार्ड प्रदान किए गए। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन मयंक जायसवाल,सचिव रोटेरियन भारत सिंह अहीर (पार्षद) एवं पूर्व क्लब अध्यक्ष रोटेरियन प्रदीप ओसवाल उपस्थित रहे। समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन संस्कार कोठारी एवं फर्स्ट लेडी दीप्ति कोठारी, मेजबान पूर्व मंडलाध्यक्ष रोटेरियन धीरेंद्र दत्ता एवं सहायक मंडलाध्यक्ष रोटेरियन पवन पोरवाल सहित 10 क्लबों के सदस्यों की उपस्थिति में क्लब को सम्मानित किया गया।इसी समारोह में रोटरी के प्रति समर्पित सेवाओं, प्रभावशाली नेतृत्व एवं संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान के लिए पूर्व क्लब अध्यक्ष एवं वर्तमान सहायक मंडल गवर्नर रोटेरियन प्रदीप ओसवाल को भी सम्मानित किया गया। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3040 द्वारा प्रथम तिमाही (जुलाई-अक्टूबर 2026) के दौरान उनके समर्पित नेतृत्व, निरंतर प्रतिबद्धता, रोटरी को मजबूत बनाने तथा डिस्ट्रिक्ट के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र व अवार्ड प्रदान किया गया। उनके प्रयासों, मार्गदर्शन एवं टीम भावना की सराहना करते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। क्लब को मिले पुरस्कारों एवं रोटेरियन प्रदीप ओसवाल के सम्मान से रोटरी क्लब नीमच कैंट परिवार में हर्ष एवं गौरव का वातावरण बना हुआ है।