नीमच। जिले की ग्राम पंचायत हनुमंत्या के महेशपुरिया गांव में रविवार को तालाब से बिना अनुमति पानी खींचने का मामला सामने आया। यहां तालाब में दो मोटर पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा था। सूचना एवं निरीक्षण के दौरान मनासा जनपद पंचायत के सीईओ ने मौके पर पहुंचकर दोनों मोटर पंप हटवाए और तालाब से पानी खींचने पर रोक लगवाई। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने ग्राम पंचायत सचिव एवं सहायक सचिव को मौके पर बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पंचायत की टीम ने दोनों मोटर पंप तालाब से बाहर निकलवाए। कार्रवाई के बाद तालाब से पानी निकालना बंद हो गया।
बिना अनुमति पानी खींचने वालों पर होगी कार्रवाई- जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों से बिना अनुमति पानी निकालने वालों पर निगरानी शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जल स्रोतों के संरक्षण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना अनुमति मोटर पंप लगाकर पानी खींचने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।