नीमच। जिले के ग्राम खोर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मुक्तिधाम परिसर में टीनशेड के एंगल से 48 वर्षीय किसान का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा बनाया और शव को नीचे उतरवाया।
मृतक की पहचान रमेशचंद्र पिता भंवरलाल दमामी (48) निवासी ग्राम खोर के रूप में हुई है। मृतक के छोटे भाई दिनेशचंद्र के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:45 बजे ग्रामीणों ने उन्हें घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद विक्रम सीमेंट की एंबुलेंस से शव को नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार रमेशचंद्र खेती-किसानी का काम करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
रमेशचंद्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।