नीमच। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व नीमच में हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। गुरुवाणी और कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में धार्मिक आयोजनों की शुरुआत 15 नवंबर से प्रभात फेरियों के साथ हुई, जो 21 नवंबर तक लगातार आयोजित की गईं। इसके पश्चात 22 नवंबर से श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ हुआ, जिसकी मंगलवार को विधिवत संपूर्णता हुई।
प्रकाश पर्व के अवसर पर शाम को गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजाया जाएगा। इसमें श्री अमृतसर से पधारे सरदार सुभदेव सिंह जी शाम 7:30 से रात 9 बजे तक कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। इसके बाद रात 9 से 11 बजे तक सत्संग होगा। अंत में अरदास की जाएगी। इसके पश्चात पुष्पवर्षा और भव्य आतिशबाजी के साथ प्रकाश पर्व का उल्लासपूर्वक समापन होगा।
मानवता और सेवा का संदेश देती हैं गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं
श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से मानवता को एकता, प्रेम, भाईचारे, समानता और सेवा का मार्ग दिखाया। प्रकाश पर्व के आयोजन के माध्यम से श्रद्धालु उनके बताए मार्ग पर चलने तथा मानव सेवा के संकल्प को दोहरा रहे हैं।