नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र में खेत के चारे को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। मामले में बालचंद पिता मोहनलाल ने पिंटू और उसके साथ आए कुछ लोगों पर घर में घुसकर उनके तथा उनके पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता बालचंद के अनुसार, खेत के चारे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। इस दौरान उनके साथ लाठियों से मारपीट की गई,जिससे उनकी पीठ पर चोट आई। वहीं, उनके पिता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वे दोबारा खेत पर आए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। परिवार के मुताबिक, घटना को लेकर पहले रामपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी,लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने के चलते उच्च अधिकारियों के समक्ष गुहार लगाई गई है।
कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
ज्ञापन के माध्यम से पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।