नीमच। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को नीमच में माहेश्वरी समाज द्वारा धर्म और आस्था से जुड़ा भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज ने श्रीराम मंदिर में विराजित आराध्य प्रभु श्री चारभुजा नाथ जी के चरणों में विधि-विधान के साथ ध्वजा अर्पित की। आयोजन के तहत सुबह 10.30 बजे माहेश्वरी समाज भवन के गेट नंबर-1 से बैंड-बाजे और ढोल की गूंज के बीच भव्य ध्वजा शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाजजनों, विभिन्न संगठनों के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्ति और उल्लास के माहौल में निकली शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रीराम मंदिर पहुंची। यहां सुबह 11.30 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्रभु श्री चारभुजा नाथ जी को ध्वजा अर्पित की गई। दोपहर 12.15 बजे प्रभु की भव्य आरती हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। धार्मिक आयोजन के लाभार्थी दीपक कुमार प्रहलाद बाहेती परिवार, नीमच (मनासा वाले) रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रभु के दर्शन किए और धर्मलाभ प्राप्त किया।