सीतामऊ/मंदसौर।मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में 26 पुलिस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए गए हैं।  इस सूची में मंदसौर जिले के सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति का नाम भी शामिल है। उनका स्थानांतरण सीतामऊ से महिदपुर एसडीओपी के पद पर किया गया है।
सीतामऊ में अपने कार्यकाल के दौरान दिनेश प्रजापति ने अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और कंजर गिरोह के खिलाफ कई सख्त कार्रवाइयां कीं। उनकी कार्यशैली और लगातार पुलिस कार्रवाई के चलते क्षेत्र में उनकी अलग पहचान बनी। उनके तबादले की खबर के बाद उनके कार्यकाल की कई चर्चित कार्रवाइयां एक बार फिर चर्चा में हैं।
कंजर_गिरोह के डेरों तक पहुंचकर दी थी चुनौती-दिनेश प्रजापति के सीतामऊ कार्यकाल की सबसे चर्चित कार्रवाइयों में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कंजर गिरोह के खिलाफ की गई कार्रवाई शामिल रही। बताया जाता है कि मोटरसाइकिल चोरी की घटना के बाद वे पुलिस टीम के साथ सीधे कंजर गिरोह के डेरों तक पहुंच गए थे।
पुलिस की दबिश के दौरान गिरोह के सदस्य राजस्थान क्षेत्र में चंबल नदी की पहाड़ियों की ओर भाग गए थे। इसके बावजूद पुलिस ने पीछा जारी रखा और चोरी की मोटरसाइकिलों सहित अन्य सामान बरामद किया। इस कार्रवाई के बाद लंबे समय तक क्षेत्र में कंजर गिरोह की गतिविधियों पर अंकुश देखने को मिला।
NDPS की बड़ी कार्रवाइयों से बनाई पहचान
थाना प्रभारी और बाद में एसडीओपी के रूप में दिनेश प्रजापति ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयां कीं। NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तस्करों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया। उनकी सख्त कार्यशैली के चलते सीतामऊ क्षेत्र में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ पुलिस का दबाव बना रहा।
2021 में हुई थी मंदसौर जिले में पहली पदस्थापना-दिनेश प्रजापति की मंदसौर जिले में पहली पदस्थापना अप्रैल 2021 में कोरोना लॉकडाउन के दौरान सीतामऊ थाना प्रभारी के रूप में हुई थी। उन्होंने लगभग तीन वर्षों तक थाना प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद पदोन्नति के पश्चात नवंबर 2024 में उन्हें सीतामऊ एसडीओपी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
1998 में SI बने, कई जिलों में दी सेवाएं-
दिनेश प्रजापति वर्ष 1998 में सब-इंस्पेक्टर (SI) के रूप में पुलिस सेवा में चयनित हुए थे। वर्ष 2013 में निरीक्षक (TI) बने। अपने लंबे पुलिस सेवाकाल में उन्होंने ग्वालियर, बालाघाट, जबलपुर, शाजापुर, देवास और विदिशा सहित कई जिलों में अपनी सेवाएं दी हैं। अब उनका नया कार्यक्षेत्र महिदपुर होगा, जहां वे एसडीओपी के रूप में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालेंगे। सीतामऊ में अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ की गई उनकी कार्रवाइयां उनके कार्यकाल की प्रमुख चर्चाओं में शामिल रहेंगी। अब महिदपुर में उनकी नई पारी शुरू होगी।