मनासा जिस मां ने नौ महीने अपनी कोख में रखकर जन्म दिया,उंगली पकड़कर चलना सिखाया,अपनी खुशियों का त्याग कर बच्चों की जिंदगी संवारी,उसी मां को जीवन के अंतिम पड़ाव में अपने ही बेटों से बेगाना होना पड़ा। करीब 92 वर्ष की उम्र में जब उसे सहारे की सबसे ज्यादा जरूरत थी,तब कथित तौर पर उसके तीनों बेटों ने उसे घर से बाहर कर दिया। लेकिन मां की तीन बेटियों ने उसका साथ नहीं छोड़ा। करीब 10 वर्षों तक मां की सेवा की और जब अंतिम विदाई का समय आया तो तीनों बेटियों ने खुद मां की अर्थी को कंधा देकर अपना आखिरी फर्ज निभाया। यह दृश्य रिश्तों की संवेदनहीनता और बेटियों के त्याग की ऐसी कहानी बयां कर गया, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। मंदसौर जिले के नारायणगढ़ की रहने वाली गट्टूबाई पति बद्रीदास बैरागी की यह कहानी समाज के सामने कई सवाल खड़े करती है। पति के निधन के बाद उनके तीन बेटों विनोद बैरागी,दिनेश बैरागी ओर ने कथित तौर पर मां को घर से बाहर कर दिया। जिस उम्र में मां को अपने बच्चों के प्यार और सहारे की जरूरत थी,उस उम्र में उसे अपनों से ही दूर होना पड़ा। मां की तकलीफ की जानकारी जब उसकी तीन बेटियों को मिली तो वे मां का सहारा बनकर आगे आईं। बेटियों ने करीब 10 वर्षों तक मां की दवाई, इलाज,खानपान और हर छोटी-बड़ी जरूरत का ध्यान रखा। उन्होंने मां की सेवा को अपना फर्ज समझा और कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि मां अकेली है।

सेवा का वादा करके ले गए,फिर वापस छोड़ गए-करीब एक वर्ष पहले छोटे बेटे विनोद दास बैरागी ने गांव के कुछ वरिष्ठ लोगों को साथ लेकर नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम आंतरी माता जी में रहने वाली अपनी बहन विद्या बाई के घर पहुंचकर मां को वापस ले जाने की इच्छा जताई। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भरोसा दिलाया कि अब वह मां की सेवा करेगा और आगे कोई परेशानी नहीं आने देगा। बेटे के इस भरोसे पर मां उसके साथ चली गई।लेकिन आरोप है कि मां को बहला-फुसलाकर घर अपने नाम करवाने के बाद विनोद दास बैरागी उसे वापस अपनी बेटी मधुबाला के पास नीमच जिले के गांव जीरन पर छोड़कर चला गया। एक बार फिर उस बुजुर्ग मां को बेटी के सहारे रहना पड़ा।

तीन बेटे होने के बावजूद बेटियों ने दिया अर्थी को कंधा- आखिरकार करीब 92 वर्ष की उम्र में गट्टूबाई ने दुनिया को अलविदा कह दिया। जिंदगी भर मां की सेवा करने वाली तीनों बेटियों ने अंतिम विदाई में भी पीछे कदम नहीं खींचे। मां की अर्थी को तीनों बेटियों ने अपने कंधों पर उठाया और अंतिम फर्ज निभाया। वहीं उनके भांजों ने भी अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई। गट्टूबाई का अंतिम संस्कार मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम आंतरी माताजी स्थित मुक्तिधाम पर किया गया। यह दृश्य अपने आप में बहुत कुछ कह गया। जिस मां के तीन बेटे थे,उसकी अंतिम यात्रा में बेटियों ने आगे बढ़कर वह जिम्मेदारी निभाई, जिसे समाज अक्सर बेटों का कर्तव्य मानता है।

समाज से सवाल : आखिर कैसी औलाद हैं ऐसे बेटे?- क्या मां-बाप को जन्म देने के बाद उनकी सेवा करना बेटों के लिए बोझ बन गया है? क्या मां की जरूरत सिर्फ तब तक है, जब तक उसके पास घर और संपत्ति है? जिस मां ने बेटों को चलना सिखाया, क्या उसी मां को बुढ़ापे में घर से निकाल देना ही औलाद का धर्म है? क्या बेटा होना केवल संपत्ति पर अधिकार जताने के लिए है, मां की सेवा और सम्मान के लिए नहीं? और जब मां की अर्थी उठाने का समय आया तो वे बेटे कहां थे, जिनके लिए उसने अपनी पूरी जिंदगी लगा दी? बेटियां कभी पराई नहीं होतीं, पराया तो वह व्यवहार होता है जो अपनों को भी बेगाना बना देता है। गट्टूबाई की तीन बेटियों ने 10 वर्षों तक मां की सेवा कर और अंतिम विदाई में अर्थी को कंधा देकर साबित कर दिया कि औलाद होने का फर्ज सिर्फ जन्म से नहीं, कर्मों से निभाया जाता है। मां अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी जिंदगी की यह कहानी समाज के जमीर को झकझोरने के लिए काफी है। जिस मां के तीन बेटे थे, उसकी अर्थी को बेटियों ने कंधा दिया… इससे बड़ा सवाल समाज के सामने और क्या हो सकता है?

वैष्णव समाज के जिला अध्यक्ष का बयान- वैष्णव समाज के जिला अध्यक्ष ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। जिस मां ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों को पालने-पोसने और उनका भविष्य बनाने में लगा दी, उसी मां को बुढ़ापे में सहारे के लिए तरसना पड़े, इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता। तीनों बेटियों ने दस वर्षों तक मां की सेवा कर और अंतिम समय में उनकी अर्थी को कंधा देकर जो मिसाल पेश की है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं। माता-पिता की सेवा करना हर संतान का पहला धर्म और नैतिक जिम्मेदारी है। समाज में ऐसे मामलों से सभी को सीख लेकर अपने माता-पिता का सम्मान और सेवा करनी चाहिए।
ऐसे लोगों का पूरे समाज से बहिष्कार करना चाहिए.... ओर समाज को इन लोगों से पूछना चाहिए कि आपके पास ऐसे संस्कार कैसे आते ओर समाज को इन सब को समझ से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।
ऐसे लोगों से समाज में क्या मैसेज जाएगा आप खुद समझ सकते हैं।

नरेंद्र बैरागी 
जिला अध्यक्ष नीमच
वैष्णव बैरागी समाज नीमच