गरोठ-भानपुरा। मंदसौर जिले के भानपुरा के समीप स्थित मिनी गोवा कंवला में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां जाकिर हुसैन पठान के मकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाके के बाद आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। हादसे में मकान के क्षतिग्रस्त होकर गिरने की भी सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय मकान में मौजूद जाकिर हुसैन की पत्नी नूरजहां और बेटे जाफर को ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जाकिर हुसैन मकान के अंदर ही रह गए। आग में झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत होने की सूचना सामने आई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
दमकल और प्रशासनिक अमला पहुंचा मौके पर बताया जा रहा है कि जाकिर हुसैन का मकान और दुकान आसपास ही स्थित हैं। वे पंचर बनाने का काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही गरोठ से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। मौके पर पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारी, तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों और हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासनिक पुष्टि के बाद ही जनहानि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।