नीमच। शहर के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को उस समय हलचल मच गई,जब भोपाल से पहुंची भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की टीम ने दो ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर अचानक जांच शुरू कर दी। टीम की कार्रवाई की खबर फैलते ही सर्राफा कारोबारियों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार, BIS की टीम ने शहर के राम ज्वेलर्स और आर,आर ज्वेलर्स जेम्स स्क्वेयर पहुंचकर जांच की। बताया जा रहा है कि दोनों प्रतिष्ठानों पर सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग से जुड़े नियमों और निर्धारित मानकों के संबंध में पड़ताल की जा रही है।
कार्रवाई के बाद सामने आएगी स्थिति
भोपाल से आई टीम की अचानक कार्रवाई को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच किस शिकायत,सूचना या आधार पर की जा रही है और अधिकारियों को मौके पर क्या मिला,यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल प्रतिष्ठानों पर जांच की कार्रवाई जारी रहने की जानकारी है। BIS अधिकारियों की जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस कार्रवाई में क्या तथ्य सामने आए हैं और किसी तरह की अनियमितता मिली है या नहीं।