नीमच में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए कैंट पुलिस ने बुधवार को प्राइवेट बस स्टैंड पर चेकिंग अभियान चलाया। एसपी राजेश व्यास के निर्देशन और कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डॉग स्क्वॉड की मदद से बसों की तलाशी ली।
लंबे रूट की बसों में की जांच पुलिस टीम ने अहमदाबाद जाने के लिए तैयार गायत्री ट्रेवल्स और लंबे रूट पर चलने वाली सरकार उपकार सहित अन्य यात्री बसों की जांच की। बसों में सफर कर रहे यात्रियों के बैग और दूसरे सामान को डॉग स्क्वॉड की मदद से खंगाला गया। पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश की कि कोई यात्री बस के जरिए अवैध मादक पदार्थ या संदिग्ध सामान तो नहीं ले जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पहले भी बसों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। चालकों की भी जांच की यात्रियों के सामान की तलाशी के साथ पुलिस टीम ने बस चालकों की भी जांच की। यह देखा गया कि कोई चालक शराब पीकर वाहन तो नहीं चला रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।