कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले मंडलम सेक्टर पर कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कर रही है। इन सम्मेलनों में कांग्रेस के कार्यकर्ता का हुजूम उमड़ रहा है। रविवार को भी जावद तहसील के ताल गांव में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाकों के कांग्रेसी कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग परेशान हो चुका है। भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। कांग्रेस की 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए थे, जो आज भी मध्यप्रदेश में लोगों के जहन में हैं। कमलनाथ सरकार के दौरान किसानों को खेती में मिलने वाले भारी भरकम बिजली बिल को आधा किया। घरेलू बिजली में 100 रुपए में प्रतिमाह बिजली दी। भू माफियाओं के विरुद्ध ऐतिहासिक कदम उठाकर अवैध निर्माण तोड़े गए। मिलावटखोरों के खिलाफ भी ऐतिहासिक निर्णय लेकर अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने की थी। 70 लाख किसानों का कर्जा माफ कर ऐतिहासिक कार्य किया था। भाजपा की भ्रष्ट सरकार में हर वर्ग परेशान हो चुका है। शिवराज की सरकार आए दिन लाखों रुपए का लोन लेकर मध्य प्रदेश को कर्जे के बोझ तले दबाने का कार्य कर रही है। आदिवासी मजदूरों की जमीनों को अतिक्रमण बताकर हड़पा जा रहा है। खुलेआम दादागिरी हो रही है। भाजपा के जनप्रतिनिधि भ्रष्टाचार कर रहे हैं, जिन पर सरकार का दबाव नहीं है। हर तरफ भ्रष्टाचार व्याप्त है।पाटीदार ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनती है, तो कांग्रेस जन हितेषी योजना लागू करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए हम सभी को पूरी ताकत के साथ एकजुट होकर कार्य करना है। हर बूथ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक सिपाही के तौर पर काम करना है, जिससे हम मजबूती से कांग्रेस की सरकार बनाए।भाजपा के राज में चारों और भ्रष्टाचार व्याप्त है। यह सांप्रदायिक माहौल बनाकर लोगों की भावना से खेलते हैं और चुनाव के समय वोट की राजनीति करते हैं। हम को सभी मतदाताओं को भी जागरूक करना है। भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। अब चुनाव आने वाले हैं, तो यह आम जनता को सब्जबाग दिखाएंगे, उनके बहकावे में हमें नहीं आना है।