एक या एक से अधिक विषयों में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थिति बच्चों को एक और मौका देने के उद्देश्य से शुरू की गई रुक जाना नहीं... योजना के तहत गुरुवार से परीक्षाएं शुरू हुईं। यह परीक्षाएं 4 जुलाई तक चलेगी। नीमच जिले में इसके लिए तीन सेंटर बनाए गए हैं। इसमें शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 में ओपन की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं, उत्कृष्ट विद्यालय व महारानी लक्ष्मी बाई कन्या विद्यालय में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के रुक जाना नहीं योजना की परीक्षाएं आयोजित की गई हैं। इन परीक्षा में रुक जाना नहीं योजना के अंतर्गत 10वीं में 842 बच्चे पंजीकृत हुए हैं। वहीं, 12वीं में 847 बच्चे पंजीकृत किए गए हैं। ओपन में 10वीं के 110 बच्चे पंजीकृत हुए हैं। वहीं 12वीं में 88 बच्चे हैं।। आ अब लौट चलें... योजना में कक्षा दसवीं में 6 बच्चे तो कक्षा 12वीं में 1 विद्यार्थी पंजीकृत हुआ है। इसी प्रकार स्वाध्याय में 8वीं में 8 बच्चे तो कक्षा 5वीं में 4 बच्चे और 12वीं आईटीआई में 16 बच्चे पंजीकृत किया गया है, जिनकी परीक्षाएं उपरोक्त सेंटरों पर गुरुवार से प्रारंभ की गई है। 10वीं के लिए परीक्षा का समय सुबह 8 से 11 बजे तक रखा गया। वहीं 12वीं के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा का समय निर्धारित किया गया था।