नीमच ।पदार्थों के दुरूपयोग व अवैध व्यापार के विरूद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस, 26 जून 2023 के अवसर पर नारकोटिक्स आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को नीमच नारकोटिक्स विभाग ने स्थानीय प्राइवेट बस स्टैंड पर आम नागरिकों को नशे के प्रति जागरुक करते हुए नशे के दुष्प्रभाव व नशे से दूर रहने ओर नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।अधिकारियों ने मौजूद लोगों को बताया कि 26 जून को हम सभी मादक पदार्थों के दुरूपयोग एवं अवैध व्यापार के विरूद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाते हैं। यह दिवस हमें मादक पदार्थों के दुरूपयोग के विरूद्ध जागरूक रहते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण करने का संदेश देता है। आज विश्व नशीली पदार्थों के दुरूपयोग के विस्तार से जूझ रहा है। नशे के प्रयोग से केवल व्यक्ति ही नहीं अपितु समाज, परिवार एवं देश को नुकसान पहुंचता है। आप सभी, खासकर युवा आगे बढ़कर नशा उन्मूलन के सामूहिक अभियान में एकजुट होकर सहयोग करें। स्वस्थ मन से ही स्वस्थ जीवन का निर्माण होता है। नशे का सेवन तनाव का निदान नहीं हो सकता है। विभाग ने अपील की है कि ड्रग्स से संबंधित गलतफहमियों से लोगों को दूर रखें एवं स्वास्थ्य हेतु इसके सार्थक प्रयोग के लिए प्रमाणिक साक्ष्य पर आधारित उपचार एवं देखभाल में सहभागी बनें। हम यह भी आव्हान करते हैं कि किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के अवैध व्यापार संबंधी सूचना हमें प्रदान करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का परिचय गुप्त रखा जाएगा। आईये हम सब मिलकर नशे से लड़ें एवं ड्रग्स भरी जिंदगी नहीं बल्कि ड्रग्स फ्री संवेदनशील समाज का निर्माण करें। इस दौरान नीमच नार्कोटिसक्स विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।