नीमच के एसपी अमित तोलानी का बुधवार रात अनोखा अंदाज दिखाई दिया। वे रात को अपनी ही पुलिस की पुलिसिंग को देखने और कानून व्यवस्था का जायजा लेने शहर की सड़कों पर उतर गए। तोलानी ने नगर का भ्रमण सिविलियन बन कर किया। ऐसे में अधिकांश नागरिक उन्हें पहचान नहीं पाए। लेकिन उनके साथ सुरक्षाकर्मी को देख आमजन यह अंदाजा लगा चुके थे। कोई न कोई अधिकारी ही शहर का भ्रमण कर रहा है।

शहर के मुख्य रास्तों पर निकले एसपी

एसपी अमित तोलानी ने विजय टॉकीज चौराहे से पैदल भ्रमण किया। वे यहां से कमल चौक तक गए इस बिच वे सड़क किनारे वाहन खड़े करने वाले नागरिकों को बड़ी सादगी के साथ रोकते-टोकते भी दिखाई दिए।

कमल चौक पर एसपी तोलानी से कैट जिलाध्यक्ष दीपक आसनानी ने चर्चा की और उनकी पुलिसिंग की सराहना की। एसपी अमित तोलानी कमल चौक से जामा मस्जिद और घंटाघर तक पैदल-पैदल पहुंचे जहां से उन्होंने नयाबाजार और बारादरी तक पैदल -पैदल भ्रमण किया और अपने इस आकस्मिक निरीक्षण में एसपी तोलानी ने यातायात व्यवस्था व शहर की कानून व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी ने बुलेट सवार युवक को लगाई फटकार

एसपी अमित तोलानी बारादरी के यहां खड़े थे। तभी एक बुलेट पर सवार युवा तेज रफ्तार बुलेट को चलाते हुए साइलैंसर से फटाके फोड़ते हुए बोहरा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचा। लेकिन उक्त युवक को पेट्रोल भराना महंगा पड़ गया। उस बुलेट राजा पर एसपी अमित तोलानी की नजर पड़ गई और उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मी को उसे पकड़ने के निर्देश दिए।

सुरक्षाकर्मी ने भी उसे पेट्रोल पंप पर जाकर पकड लिया तभी पम्प पर एसपी तोलानी ने पहुंच कर बुलेट राजा को जमकर फटकार लगाई।

शहर में पुलिस की कार्यप्रणाली देखने निकले एसपी

एसपी ने कहा कि वै कानून व्यवस्था को देखने नगर के भ्रमण पर निकले थे। वे यह देखना चाह रहे थे कि पुलिस किस तरह से काम कर रही है एसपी अमित तोलानी ने यह भी कहा कि उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को भी देखा है और उसमें धीरे-धीरे सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।