नीमच। वन विभाग द्वारा नगरीय क्षेत्र में नगर वन (अर्बन फॉरेस्ट) विकसित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य शहरी लोगों को वन में उगने वाले पेड़-पौधों व जीवन से अवगत कराने के साथ हरियाली को बढ़ावा देना है। इसके लिए जवाहर नगर स्थित स्व. वीनू भाई गुजराती स्मृति वाटिका को नगर वन के रूप में विकसित करें। इसका प्रस्ताव बनाकर नपा वन विभाग को सौंपे। यह बात पर्यावरण मित्रों ने कलेक्टर व नपा को सौंपे मांग पत्र में कही। मंगलवार को स्वच्छता विकास अभियान संस्था संयोजक डॉ. हरनारायण गुप्ता और संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था अध्यक्ष किशोर बागड़ी अन्य पदाधिकारियों व सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां कलेक्टर दिनेश जैन से मिलकर वीनू वाटिका को नगर वन के रूप में विकसित करने का मांग पत्र सौंपा। पश्चात पर्यावरण मित्र नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा से नपा कार्यालय में मिले। वीनू वाटिका को नगर वन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव वन विभाग को भेजने की मांग की। डॉ. गुप्ता ने बताया कि नगर वन में विभिन्न प्रजातियों के फल-फूल व छायादार औषधि के पौधे रोपित किए जाएंगे। इससे कि क्षेत्र के रहवासियों को स्वच्छ सुंदर पर्यावरण युक्त शुद्ध वातावरण मिलेगा। कलेक्टर व नपाध्यक्ष ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। कलेक्टर जैन से मिले संस्था संयोजक डॉ. हरनारायण गुप्त व किशोर बागड़ी।


