विहिपि और बजरंग दल की शौर्य जागरण यात्रा:धर्मसभा में वक्ता बोले- 25 जनवरी को अयोध्या के भव्य मंदिर को जनता के लिए समर्पित कर देंगे
11 Sep 2023
NEEMUCH NEWS
25 जनवरी 2024 को अयोध्या के भव्य मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करके आमजन के दर्शन के लिए समर्पित कर देंगे। यह बात विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल के प्रांत प्रशासनिक समर्पण प्रमुख धर्म प्रसार संतोष शर्मा ने शहर के भारत माता चौराहे पर रविवार रात धर्मसभा को संबोधित करते हुए कही। धर्मसभा को प्रांत सह संयोजक अर्जुन गहलोत ने भी संबोधित किया। धर्मसभा में विभाग संयोजक लक्की बड़ोलिया, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार, जिला संयोजक दुर्गेश धनगर व प्रखंड संयोजक पवन जैसवार भी मंचासीन थे। धर्मसभा का संचालन और आभार प्रखंड मंत्री कपिल बैरागी ने किया। भारत माता चौराहा पर धर्मसभा के पूर्व विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल ने शहर में शौर्य जागरण यात्रा निकाली। यात्रा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए रविवार रात कनावटी से नीमच पहुंची। जहां से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा भारत माता चोराहा पर पहुंची। जहां धर्मसभा का आयोजन हुआ। यात्रा में सबसे आगे डीजे पर प्रभु श्रीराम के भजनों बज रहे थे। जिनके पीछे विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता वाहनों पर सवार थे और भगवान राम के जयघोष लगाते हुए चल रहे थे। कार्यकर्ताओं के पीछे फूलों से सुसज्जित एक रथ भी चलायमान था। जिसमें भगवान राम का दरबार विराजित था।इस अवसर पर प्रांत अर्चक पुरोहित, निर्मलदेव नरेला, सत्यनारायण पाटीदार, लक्ष्मण राठौर, अनुपालसिंह झाला, राम अवतार शर्मा, कमलेश राठौर, बृजेश वाल्मीकि, प्रकाश सेन, कैलाश मालवीय व संजय यादव सहित अन्य कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।