नीमच कृषि उपज मंडी 18 दिन बाद खुली,25 हजार से अधिक बोरी की हुई आवक,, आश्वासन पर खत्म हुई व्यापारी और कर्मचारी की हड़ताल
22 Sep 2023
NEEMUCH NEWS
नीमच। अपनी मांगों को लेकर व्यापारी संघ और कृषि मंडी कर्मचारी संघ की हड़ताल के चलते विगत 18 दिनों से प्रदेश की सभी मंडियां बंद थी। जिसके कारण मंडी में उपज की आवक नहीं हो रही थी। बीते दिनों व्यापारी संघ की मांगे पूर्ण होने पर उन्होंने अपनी हड़ताल समाप्त की थी। वहीं गुरुवार को कृषि उपज मंडी कर्मचारी संघ ने सरकार के आश्वासन पर अपनी हड़ताल समाप्त कर दी। इसके बाद आज शुक्रवार को नीमच कृषि उपज मंडी प्रारंभ की गई। जिसमें नीमच जिले सहित दूर दराज के ग्रामीण इलाकों से किसान अपनी उपज लेकर नीमच कृषि उपज मंडी पहुंचे। लगातार मंडी बंद रहने से किसानों के साथ ही मंडी के काम करने वाले हम्माल, तुलावटी टम्पो चालक आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे थे। अब सभी ने राहत की सांस ली है। मंडी निरीक्षक समीर दास ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले व्यापारी संघ और बाद में मंडी कर्मचारी संघ अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर था। जिसके चलते 18 दिनों से मंडी पूर्णतया बंद रही आज से मंडी प्रारंभ की गई है, जिसमें जिले सहित दूर दराज के किसान अपनी उपज जिसमें लहसुन, सोयाबीन, रायडा, मेथीदान, धनिया, चना, पोस्ता सहित औषधि उपज शामिल है उसके लेकर किसान मंडी पहुंचे हैं। सभी उपज की लगभग 25 हजार बोरी की आवक रही है। अब मंडी सुचारू रूप से संचालित की जाएगी।
मामले पर नीमच कृषि उपज मंडी के व्यापारी संघ प्रतिनिधि नवल मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से व्यापारी हड़ताल पर थे सरकार ने उन्हें उनकी मांगों का निराकरण करने का ठोस आश्वासन दिया है जिसके बाद हड़ताल खत्म हुई है।
व्यापारियों ने यह निर्णय लिया है कि दीपावली तक जितने भी शनिवार आते हैं उन पर अवकाश नहीं रखा जाएगा।शनिवार को भी कृषि उपज मंडी खोली जाएगी। जिससे व्यापारियों को हुए हड़ताल के दौरान नुकसान की भरपाई की जाएगी और किसानों को भी इससे राहत मिलेगी