नीमच । शुक्रवार को रेडक्रॉस भवन पर मूक बधिर बच्चों के लिए ऑनलाइन स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीमच कलेक्टर दिनेश जैन, एडीएम सुश्री नेहा मीना उपस्थित रही। इस दौरान बच्चों को एलइडी टीवी स्क्रीन पर ऑनलाइन क्लास दिखाई गई। कलेक्टर दिनेश जैन और एडीएम सुश्री नेहा मीना की पहल पर यह नवाचार किया गया है। अब बच्चे इस ऑनलाइन स्मार्ट क्लास के जरिए अपनी पढ़ाई को और बेहतर तरीके से कर पाएंगे। बच्चों को साइन लैंग्वेज के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्मार्ट क्लास को लेकर बच्चों मे काफी उत्साह देखा गया। वहीं बच्चों के अभिभावक भी इस पहल की सराहना कर रहे हैं। कलेक्टर और एडीएम ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी हर संभव मदद का भरोसा दिया। यह ऑनलाइन स्मार्ट क्लास इंदौर से संचालित आनंद सर्विस सोसाइटी के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई करवाएगी। जिसमें प्रशिक्षक ज्ञानेंद्र पुरोहित और मोनिका पुरोहित रहेंगे जो बच्चों को आसान भाषा में प्रशिक्षण देंगे। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी कर्मचारी व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


