मनासा। गांधीसागर से मनासा विधानसभा के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए मनासा रामपुरा उद्ववहन सिंचाई योजना का काम चल रहा है। संभवतः अगले वित्तीय वर्ष तक उक्त योजना से किसानों को पानी मिलने लगेगा। उद्यानिकी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई के तहत किसानों को सिंचाई की नई तकनीकों को अपनाने के लिए ड्रिप सिंचाई सिस्टम, मिनी स्प्रिंकलर सिस्टम उपलब्ध कराए जा रहे है। उक्त योजना को ध्यान रखते हुए अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिले। ड्रिप सिंचाई सिस्टम, मिनी स्प्रिंकलर किसान खेतोें की सिंचाई करेगा। मनासा रामपुरा उद्ववहन सिंचाई योजना सुचारू रूप से चले। प्रत्येक किसानों को उक्त योजना का लाभ मिले। इसकी हम सभी को चिंता करना है।
यह बात विधायक अनिरूद्ध (माधव) मारू ने कही। बुधवार को मनासा रेस्ट हाउस पर विधायक श्री मारू ने समस्त विभाग के अधिकारियों की बैठक ली और विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यो की समीक्षा की। बैठक में 5 साल के विजन की रूप रेखा बताई और आवश्यक सुझाव एवं दिशा निर्देश दिए। एसडीएम पवन बारिया की उपस्थिति में बैठक को निर्देशित करते श्री मारू ने कहा चम्बलेश्वर से वर्तमान में करीब 27 गांवों को पीने का पानी मिल रहा है। उक्त योजना का सही से क्रियान्वयन भी नहीं हो रहा हैं और ग्रामीणों को पर्याप्त पानी भी नहीं मिल रहा है। इसलिए उक्त 27 गांवों को गांधीसागर समुह योजना से जोड़ा जाना आवश्यक है। ताकि इन्हें भी 24 घंटे पानी मिले। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। गोपालकृष्ण परिहार ने जनपद पंचायत के विकास कार्यो और विभागीय योजना की जानकारी दी। श्री मारू ने पीएमआवास योजना की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली और लाड़ली बहना को उक्त योजना से जोड़कर अधिक से अधिक लाभ देने की बात कही। साथ ही संबल सहित अन्य योजना जिनका पेमेंट रूका है और योजना प्रभावित हो रही है उनकी प्रगति रिपोर्ट मांगी और एसडीएम श्री बारीया को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एनआरएलएम की जानकारी लेने के साथ श्री मारू ने कहा महिलाओं का समुह बनाकर उन्हें लोन दिलाना ही हमारा लक्ष्य नहीं है। समुह की जो महिलाएं अच्छा काम कर रही है। उनके द्वारा जो प्रोडक्ट तैयार किए जा रहे है हम उनकी मार्केटींग कैसे हो, प्रोडक्ट की गुणवत्ता और मार्केटिंग का तरीका अगर अच्छा हो तो हम उन्हें और अधिक लाभ दिला सकते है इसकी हमें चिंता करना होगी। समुह की महिला को उद्यानिकी विभाग की योजना से जोडकर भी काम कर सकते है उद्यानिकी विभाग अंतर्गत चल रही योजना से जोडने से महिलाओं को 35 प्रतिशत सब्सिड़ी का लाभ भी मिलेगा और उन्हे नवीन उद्योग भी उपलब्ध होंगे। पीडब्ल्यूडी विभाग अंतर्गत मनासा विधानसभा में स्वीकृत सड़को की जानकारी ली। साथ ही उक्त सड़कों की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी भी ली। विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सेतु विभाग द्वारा मनासा कंजार्ड़ा रोड़ पर चल रहे ब्रिज निर्माण में लगभग सभी का कार्य पूर्ण होने को है लेकिन रावतपुरा के यहां अभी तक ब्रिज नहीं बना है इसका जल्द कार्य पूर्ण हो और ग्रामीणों को सुविधा मिले। श्री मारू ने वन, कृषि, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, पीएचई, नगरिय निकाय, जलसंसाधन, बिजली कम्पनी सहित अन्य विभागों के विकास कार्यो की भी जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में वन विभाग एसडीओ परमार जी, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के कार्यपालन यंत्री प्रदीप डांगी, सहायक यंत्री दिनेश मालवीय, पीडब्ल्यूडी एसडीओ नीरज अमलावर, आरईएस के कैलाश यादव, पीएचई शिवप्रसाद व्यास, नगर परिषद रामपुरा सीएमओ केएल सूर्यवंशी, नगर परिषद मनासा इंजीनियर रविश कादरी, जनपद पंचायत से गोपालकृष्ण परिहार आदि उपस्थित थे।
वृक्षारोपण में आमजन की हो सहभागीता
वन विभाग की समीक्षा के दौरान श्री मारू ने वर्तमान में वृक्षारोपण का क्या लक्ष्य है की जानकारी ली। वन विभाग एसडीओ श्री परमार ने बताया अभी 2 लाख 86 हजार वृक्षों के रोपण का लक्ष्य है जिसे विभाग द्वारा पूरा कर लिया जाएगा। श्री मारू द्वारा विभाग को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण हो और रुपए जाने वाले पौधों की लंबाई कम से कम 6 फिट हो ताकि वह आसानी से चल सके। वृक्षारोपण के कार्य में आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। वन विभाग द्वारा जो वृक्षारोपण हेतु साइट निर्धारित की है उसका निरीक्षण करने की भी बात भी श्री मारू ने कही।


