जीरन नगर में बढ़ रहे हैं भ्रष्टाचार के मामले भाजपा पार्षद दल मांग रहा पाई पाई का हिसाब पढ़ें दीपक पाटीदार की ये खबर
18 Jul 2024
NEEMUCH NEWS
जीरन - नगर परिषद जीरन में भुगतान अधिक काम कम वाले कार्य बहुत अधिक मात्रा में हो रहे हैं। दक्षिण मंडल अध्यक्ष मधुसूदन राजोरा के नेतृत्व में भाजपा पार्षद दल की ओर से गुरुवार दोपहर को सीएमओ नन्दलाल प्रजापत को एक आवेदन देते हुए बताया कि सूचना के अधिकार से प्राप्त जानकारी में यह सामने आया है कि नगर में निर्माण के नाम पर नगर परिषद जीरन द्वारा बल्क मात्रा में सामग्री खरीदी गई, इतनी सामग्री खरीदने के बाद भी नगर में गड्ढे भरने तक के काम अटके हुए है। छोटे मोटे गड्ढे भरने के नाम पर निकाय द्वारा फंड की कमी बता कर कार्य नहीं किया जा रहा है, तो फिर बल्क मात्रा में खरीदे गए गिट्टी, सीमेंट और बालू रेत का उपयोग किस स्थान पर किया गया है इसका भौतिक सत्यापन एवं अवलोकन भाजपा पार्षद करना चाहते है। भाजपा पार्षदों की ओर से भाजपा दक्षिण मण्डल अध्यक्ष मधुसूदन राजोरा, पार्षद विनोद पाटीदार, पार्षद प्रतिनिधि बबलू भीलावत, विकास सुथार, राजेश लक्षकार, किशन अहिरवार ने आवेदन देते हुए बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड में लोहे की एंगल, जाली ख़रीदकर जो बाउंड्री बगीचा बनाया गया हैं उसके भुगतान के अनुसार व सामग्री का उपयोग कहा किया गया है उसका भौतिक सत्यापन मोके पर करवाया जावे। मामले में सीएमओ नन्दलाल प्रजापति ने तत्काल मोके का भौतिक सत्यापन करने को लेकर कन्नी काटते हुए एक दो दिन का समय मांगा है। इधर मामले में भाजपा पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधियों द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड में मौके पर निरीक्षण किया तो पाया कि लगभग 50 एंगल ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगे हुए जबकि प्लानिंग के तहत कुछ एंगल जो कटी हुई है, उन्हें चोरी होना बताया गया है।