जावी – छात्र, छात्राओं के शिक्षण के साथ – साथ रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास के लिये कृतसंकल्पित संस्था एक्टिव माइंड शिक्षण संस्था बोरखेड़ी कलां द्वारा शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। उक्त सन्दर्भ में जानकारी देते हुए एक्टिव माइंड संस्था के संचालक दिलीप पाटीदार जावी ने बताया कि प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई। मेंहदी प्रतियोगिता में अतिथि एवं निर्णायक के रूप में बोरखेड़ी कलां पंचायत सरपंच भोपाल अहीर, युवा समाजसेवी विजय प्रजापत, शासकीय शिक्षिका श्रीमती शीतल प्रजापत विशेष रूप से उपस्थित थे। तीनों अतिथियों ने बड़ी कशमकश के बाद परिणाम घोषित किया। जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान ख्वाहिश पाटीदार जावी, द्वितीय स्थान मनीषा खाती जावी, तृतीय स्थान हर्षिता पाटीदार जावी व सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान शिवानी धनगर बोरखेड़ी कलां, द्वितीय स्थान उर्मिला धनगर बोरखेड़ी कलां, तृतीय स्थान दीपिका सुथार बोरखेड़ी कलां ने प्राप्त किया। दोनों वर्ग के तीनों विजेताओं को संस्था द्वारा 500/-, 300/-, 100/- रुपये की नकद राशि व प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया। शेष सभी सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। अतिथियों द्वारा भी विजेता प्रतिभागियों को नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जावी, बोरखेड़ी कलां, पिपलोन, थडोली की प्रतिभाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन व आभार संस्था संचालक दिलीप पाटीदार जावी ने किया।