नीमच। पुलिस ने हरकियाखाल चोराहा से एक लोडिंग टेम्पो में भर कर ले जाया जा रहा एक क्विंटल अवैध डोडाचूरा पकड़ा है। डोडा चूरा तस्करी के वाहन को चलाते एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरे युवक को वाहन की मोटरसाइकिल से पायलेटिंग करते पकड़ा गया है। दोनों आरोपी पुलिस थाना नीमच सिटी के गांव सावन के निवासी बताए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जयसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम जीरन द्वारा 100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा मय एक छोटा हाथी व एक मोटरसाइकिल को जब्त करने में सफलता प्राप्त की गई है।
पुलिस के अनुसार जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में मुखबिर सूचना पर पुलिस सहायता केंद्र के समाने हर्कियाखाल फंटा फोरलेन हाईवे रोड पर छोटा हाथी वाहन एमपी 44एलए 1230 व 05 काले रंग की प्लास्टिक कट्टो में भरे 100 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा मय वाहन के कीमती 13 लाख 70 हजार रुपये को जब्त किया गया। साथ ही एक मोटरसाइकिल नंबर एमपी 44 एम आर 3991 से पायलेटिंग करने वाले एक आरोपी एवं छोटा हाथी वाहन चालक सहित कुल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपीगण जब्त डोडा चूरा कहां से लाए और किसे देने जा रहे थे, इस मामले में पूछताछ कर विवेचना की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में टेम्पो चालक प्रकाश चन्द्र उर्फ जगदीश पिता शिवलाल धोबी उम्र 33 साल निवासी सावन व शेर मोहम्मद पिता गुलाब शाह फकीर उम्र 40 साल निवासी सावन शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्ररकरण दर्ज किया है।


