श्री गोधाम बालाजी मंदिर पर भव्यता से मनाया जाएगा हनुमान जन्मोत्सव,6 दिवसीय कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा, समिति सदस्यों को सौंपी जिम्मेदारी
18 Mar 2025
NEEMUCH NEWS
नीमच। विश्व हिन्दू परिषद् द्वारा संचालित श्री गोधाम बालाजी मंदिर पर 12 अप्रेल को हनुमान जन्मोत्सव भव्यता से मनाया जाएगा। 6 दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तय कर ली गई है। जन्मोत्सव की शुरुआत ध्वज यात्रा से होगी। विहिप जिलाध्यक्ष शैलेंद्र गर्ग ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए 16 मार्च को गोधाम बालाजी मंदिर परिसर में वृहद बैठक आहूत की गई। बैठक में समिति सदस्यों के मध्य कार्य विभाजन कर समितियों का गठन किया गया। 6 दिवसीय आयोजन में पहले दिन 7 अप्रेल को भव्य ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। 8 अप्रेल से 3 दिवसीय माधव चरित्र गुणगान होगा। 11 अप्रेल को बालाजी का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद अष्टोत्तर शत् श्री रामरक्षा स्त्रोत यज्ञ एवं संकट मोचक जन्मोत्सव 12 अप्रेल को सतकुंडीय यज्ञ होगा। इसी दिन सांध्यवेला में ढोल-ढमाकों और भव्य आतिशबाजी के साथ महाआरती की जाएगी। महाआरती बाद छप्पन भोग, 71 किलो मिल्क केक प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस बीच पूर्णिमा उत्सव के तहत संगीतमय सुंदरकांड की स्वर लहरी भी वातावरण को हनुमानमय बनाएगी।
गर्ग ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 6 दिवसीय आयोजन का शुभारंभ भव्य ध्वज यात्रा से किया जाना तय हुआ है। नया बाजार स्थित बड़े बालाजी मंदिर से 7 अप्रेल शाम 4 बजे ढोल-ताशे, डीजे, बैंडबाजे, घोड़ा गाड़ी के साथ पारंपरिक वेशभूषा में जयघोष करती जनमैदिनी के साथ ध्वज यात्रा नगर के प्रमुख मार्ग से होकर गुजरेगी। ध्वज यात्रा नयाबाजार, घंटाघर, सराफा बाजार होती हुई श्री गोधाम बालाजी पहुंचेगी। यात्रा का प्रमुख आकर्षण उज्जैन की ढोल-ताशा पार्टी, धार्मिक स्वांगधारी बाल-गोपाल की झांकी और डीजे के साथ पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य के साथ ध्वज लहराती टोली रहेगी। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसी दिन शाम को बालाजी की आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। जन्मोत्सव के तहत 8 से 10 अप्रेल तक गुरुदेव माधव रामानुज शास्त्री (पिपलिया जोधा) के मुखारविंद से 3 दिवसीय राघव चरित्र गुणगान प्रतिदिन शाम 7.30 बजे से किया जाएगा। जन्मोत्सवव वेला के पूर्व 11 अप्रेल को बालाजी का अभिषेक पुरुष वर्ग द्वारा परम्परानुसार किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से अष्टोत्तर शत् श्री रामरक्षा स्त्रोत यज्ञ रखा जाना तय किया है। 12 मार्च को सुबह 6 बजे जन्म आरती की जाएगी। 7 बजे से सप्त कुंडीय यज्ञ मंदिर परिसर पर होगा। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप देने के साथ मंदिर का पुष्पों से आकर्षक शृंगार किया जाएगा। शाम 7 बजे गोधाम बालाजी की महाआरती की जाएगी। इस दौरान भव्य आतिशबाजी के नजारे भी दिखाई देंगे। समिति की ओर से 6 दिवसीय कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील अपजन से की गई है।