नीमच। सीसीआई सीमेंट फैक्ट्री नयागांव की स्क्रैप नीलामी पर रोक लगाने के बाद शनिवार को राजस्व विभाग की टीम जब्ती की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची तो प्रबंधक जयंत विश्वास नदारद थे। उन्होने जब्ती अधिकारी का फोन भी रिसीव नहीं किया। राजस्व विभाग की टीम को बैरंग ही लौटना पड़ा। बाद में तहसीलदार ने प्रबंधक को नोटिस जारी किया है। अब आगे की कार्रवाई 2 अप्रैल को होगी। शनिवार को तहसीलदार मयूरी जोक के साथ विभागीय टीम सीसीआई सीमेंट फैक्ट्री नयागांव पहुंची। वहां पाया कि फैक्ट्री के प्रभारी कार्यकारी जयंत विश्वास मौजूद नहीं है। अधिकारी द्वारा जयंत विश्वास को फोन कर मौके पर बुलाने का प्रयास किया गया,लेकिन उन्होने मोबाइल रिसीव नहीं किया। इस कारण जब्ती एवं सुपुर्दगी की कार्रवाई करने पहुंची टीम को बैरंग ही लाैटना पड़ा। यह है पूरा मामला उल्लेखनीय है कि सीसीआई नयागांव की स्क्रैप नीलामी पर रोक लगाने के मामले की तहसीलदार जावद मयूरी जोंक ने शुक्रवार को पुष्टि की थी। बता दें कि कांग्रेस नेताओं ने सीसीआई नयागांव को पुनः चालू करने और स्क्रैप नीलामी रोकने की मांग को लेकर नीमच जिले के जावद, मनासा व नीमच में विरोध प्रदर्शन किए थे और ज्ञापन भी सौंपे गए थे। इसी बीच, मजदूरों और कर्मचारियों ने अपनी बकाया राशि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन दिया था। यही नहीं कार्रवाई के लिऐ न्यायालय मे प्रकरण भी दर्ज करवाया। श्रम न्यायालय में कुल 55 प्रकरणों में सीसीआई नयागांव से 17,55,69,405 की वसूली के आदेश जारी किए गए थे। न्यायालय के आदेश के बावजूद टेंडर जारी उल्लेखनीय है कि सीसीआई प्रबंधन ने उच्च न्यायालय में अपील लंबित होने के आधार पर वसूली कार्यवाही स्थगित करने का निवेदन किया था। लेकिन, इसके बावजूद कंपनी ने ऑनलाइन टेंडर जारी कर प्लांट की मशीनरी, रेलवे ट्रैक और अन्य संपत्तियों की नीलामी कर दी। श्रम न्यायालय ने इसे विरोधाभासी कार्रवाई करार देते हुए नीलामी निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। यदि विक्रय हो चुका है, तो 17.55 करोड़ की राशि न्यायालय में जमा करने को कहा गया है। आदेश का पालन नहीं होने पर शनिवार 22 मार्च को संपत्ति जप्त करने को लेकर तहसीलदार जावद सहित प्रशासनिक अमला सीसीआई पंहुचा था। इनका कहना है— आदेशिका के तारतम्य में मौके पर प्लांट और मशीनरी की जप्ती एवं सुपुर्दगी हेतु गए थे। कार्यकारी प्रभारी जयंत विश्वास उपस्थित नहीं थे और उनके द्वारा फ़ोन रिसीव नहीं किया गया। जिस कारण कार्यवाही नही हो सकी है। प्रबंधक को 2 अप्रैल को उपस्थिति हेतु सूचना पत्र जारी किया गया है। मयुरी जोंक, तहसीलदार जावद।