नीमच। नीमच जिलें के सिंगोली के कछाला ग्राम में बालाजी मंदिर में ठहरे हुए जैन संतों के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने मारपीट की । बदमाशों द्वारा जैन मुनियों के साथ लाठीयों से बर्बरता पूर्वक मारपीट की गई। बालाजी मंदिर में जैन मुनि रात्रि में विश्राम के लिए ठहरे हुए थे। इसी दौरान कुछ बदमाश वहाँ आए और उन्होंने वहाँ सड़क पर शराब पी। शराब के नशे में धुत उन युवकों ने जैन मुनि संत शैलेश मुनि जी, बलभद्र मुनि जी व मुनींद्र मुनि जी के साथ मारपीट की और उन्हें बुरे तरह मारा और रुपयों की मांग की। मारपीट में जैन मुनियों के शरीर पर गहरे घाव हो गए ।
मौके पर पहुंची पुलिस, की त्वरित कारवाई
घटना की जानकारी मिलते ही सिंगोली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी बी एल भाभर ने सम्पूर्ण घटनाक्रम की जैन मुनियों से जानकारी ली। जैन मुनियों ने बताया की मारपीट के दौरान एक संत जान बचाने भागे बाईक सवार राहगीर को घटनाक्रम की जानकारी दी। बाईक सवार ने तत्काल अपने फोन से सिंगोली में कुछ लोगों को जानकारी दी । इसी बीच गांव कछाला के ग्रामीण भी इकट्ठे हो गए। कुल 6 आरोपी थे जिनमें से 4 भाग गए और 2 को ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया। बाद में थाना प्रभारी भाभर ने बताया की अल सुबह तक सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है । इस घटना के विरोध में सोमवार सिंगोली शहर बंद रहा. जैन समुदाय ने कलेक्टर और एसपी से मांग की, कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो. सोमवार सुबह 11 बजे नीमच एसपी अंकित जायसवाल और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित पूर्व कैबिनेट मंत्री व जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा मौके पहुंचे. उन्होंने जैन संतों से हुई मारपीट के मामले में कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
समाजजन में आक्रोश
श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष व जैन समाज के प्रदीप जैन ने बताया की मुनिजन गाँव में हनुमान मंदिर पर विश्राम कर रहे थे। सूचना मिलने पर हम मदद के लिए पहुंचे। रात्री में मुनिजन आहार खान पान नहीं करते। इसलिए संत जनों ने रात को दवा व इलाज भी नहीं लिया। बाद में सुबह उन्हे सिंगोली जैन स्थानक ले जाया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा की घटना से समाजजनों और अजैन सहित सर्वसमाज में आक्रोश है। उन्होंने बदमाशों के खिलाफ कड़ी कारवाई की मांग पुलिस व प्रशासन से की है।
पुलिस ने एक्शन लेते हुए 6 आरोपियो को पकड़ लिया।
नीमच एसपी अंकित जायसवाल ने मामले की गंभीरता को समझते हुए रात में ही टीम गठित कर अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर जानकारी जुटाई और समीपस्थ चित्तौड़गढ़ से आरोपियों को धर दबोचा। सुबह जब तक आम जनता तक जानकारी पहुंची तब तक आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। घटना गंभीर थी पर पुलिस की त्वरित कार्यवाही ने किसी बड़ी प्रतिक्रिया को होने से रोक दिया। सवेरे इस घटना की जानकारी जैसे ही समाज के लोगों तक पहुंची वे आक्रोशित हुए पर पुलिस की तत्काल कार्यवाही को लेकर संतोष भी जाहिर किया। घटना की खबर जिले में आग की तरह फैली और सवेरे ही कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और एसपी अंकित जायसवाल मौके के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचकर एसपी अंकित जायसवाल और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जैन समाज और सर्व समाज के लोगों के साथ मीटिंग की और उनकी बातों को सुना।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कारवाही की जा रही है। घटना की पुनरावृत्ति ना हो यह सुनिश्चित किया जाएगा। घटना को लेकर जैन समाज और सर्व समाज से चर्चा की गई है और उन्होंने जो भी सुझाव दिए हैं उन्हे सुना गया है। समाजजनों का हमें पूरा सहयोग मिला है। सभी से निवेदन है की शांति बनाए रखें।
एसपी अंकित जायसवाल ने बताया कि यहां घटना को लेकर रात में ही त्वरित कार्रवाई कर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया था और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है हमें खुद भी इसका खेद है और इस घटना को लेकर लेकर जैन समाज में काफी आक्रोश था पर समाज के लोगों ने घटना की पुनरावृति ना हो इसके लिए सुझाव दिए हैं। हमने सुझाव सुने है और उसी अनुसार आगे हमारे यही प्रयास होंगे कि ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृति ना हो।
घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी बीएल भाभर ने जानकारी देते हुए बताया की हनुमान मंदिर में विश्राम के दौरान जैन मुनियों के साथ मारपीट करने वाले आरोपी गणपत पिता राजू नायक, गोपाल पिता भगवान भोई, कन्हैयालाल पिता बंशीलाल भोई, राजू पिता भगवान भोई निवासियान भोई का खेड़ा, चित्तौड़गढ़ राजस्थान बाबु पिता मोहन शर्मा निवासी धनेत टोकरिया जिला चित्तोडगढ़ व एक नाबालीग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।


