नीमच। अमित शाह ने कहा कि जब भी देश में संकट आता है, सीआरपीएफ सबसे पहले मोर्चा संभालती है, जिससे विजय सुनिश्चित होती है। उन्होंने शहीद स्थल पर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी, परेड का निरीक्षण किया और वीरता पदक वितरित किए।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज मध्यप्रदेश के नीमच में हैं। वे यहां सीआरपीएफ के ग्रुप सेंटर में सीआरपीएफ दिवस परेड (राइजिंग-डे) में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। यह कार्यक्रम केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के 86वें स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बताया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा और सीएपीएफ तथा सीआरपीएफ, खासकर इसकी कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन) इकाई इसमें अहम भूमिका निभाएगी।" शाह बोले- सीआरपीएफ है तो विजय सुनिश्चित हैं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सीआरपीएफ ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जब भी देश में कहीं भी अशांति होती है। गृहमंत्री होने के नाते मुझे पता चलता है कि सीआरपीएफ का जवान वहां मौजूद है तो मैं निश्चिंत होकर काम करता हूं। मुझे भरोसा है कि सीआरपीएफ है तो विजय सुनिश्चित हैं। गृहमंत्री शाह ने शहीद स्थल पर CRPF के वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद शहीदों के परिवारों, परेड कमांडरों और जवानों के साथ मुलाकात की। उन्होंने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। आठ टुकड़ियां परेड में हुईं शामिल इस मौके पर उनके साथ मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। समारोह में सीआरपीएफ की 8 टुकड़ियां परेड में शामिल हुईं। गृहमंत्री शाह ने परेड की सलामी ली। इसके बाद गृह मंत्री वीरता पदकों के लिए चयनित सीआरपीएफ कर्मियों को वीरता पदक प्रदान किए। 400 से अधिक नीमच पुलिस के जवान तथा 300 जवान बाहर से बुलाए गए सीआरपीएफ के नीमच परिसर में वर्तमान में केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (CTC), रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र (RTC), ग्रुप केंद्र, रेंज कार्यालय, संयुक्त अस्पताल, प्रथम बटालियन एवं 4 सिगनल बटालियन कार्यरत हैं, जहां प्रशिक्षण से लेकर प्रशासनिक और परिचालन कार्यों तक, विविध गतिविधियां संचालित होती हैं। एसपी अंकित जायसवाल ने जानकारी देते हो बताया कि गृहमंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 दिन नीमच कार्यक्रम में रहेंगे। यह कार्यक्रम सीआरपीएफ परिसर में आयोजित होगा, जिसकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों ही नेता रात्रि विश्राम ऑफिसर मेस में करेंगे। 400 से अधिक नीमच पुलिस के जवान तथा 300 जवान बाहर से बुलाए गए हैं। वहीं 12 से अधिक एडिशनल एसपी और डीएसपी प्रभारी बनाए गए हैं जो पूर्ण व्यवस्थाओं को देखेंगे