- मंदसौर। जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। बूढ़ा-टकरावत फंटे के पास एक बाइक को टक्कर मारने के बाद एक बेकाबू ईको वैन कुएं में जा गिरी। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई ।
आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक, ये हादसा दोपहर करीब सवा एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार में 13 लोग सवार थे, जो उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। कुएं में गिरने के बाद कार में कई लोग फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक 3 साल की बच्ची समेत चार घायलों को बाहर निकालकर मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में बाइक सवार गोबर सिंह निवासी आबाखेड़ी की मौके पर मौत हुई है। जबकि, बचाव के लिए कुएं में उतरे एक ग्रामीण की भी जान चली गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, कलेक्टर अदिति गर्ग, एसपी अभिषेक आनंद, एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी और एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी मौके पर पहुंच गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है। जिला अस्पताल से अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडर भी घटनास्थल पर भेजे गए हैं, ताकि कुएं के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। प्रशासन ने राहत कार्यों के लिए आसपास के इलाकों से अतिरिक्त बल बुलाया है।
हादसे में 10 की मौत की खबर
कार में करीब 13 लोग सवार थे। हादसे में 10 लोगों की मौत की सूचना है। मरने वालों में कार सवार 8 लोग, बाइक सवार 1 बुजुर्ग और बचाने कूदा 1 युवक शामिल हैं।
बचाने की कोशिश में गई जान
एक स्थानीय युवक ने कार सवारों को बचाने की कोशिश की। वह कुएं में कूद गया लेकिन गैस रिसाव के कारण उसका भी दम घुट गया और उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन की मदद से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश भी चल रही थी।


