राजपूत समाज का महासम्मेलन एवं ऐतिहासिक शौर्ययात्रा आज --महाराणा विश्वराज सिंहजी मेवाड़ होंगे शामिल
01 Jun 2025
NEEMUCH NEWS
नीमच। समस्त राजपूत संगठन जिला नीमच द्वारा राजपूत समाज का महासम्मेलन एवं ऐतिहासिक शौर्ययात्रा का भव्य आयोजन आज सोमवार को नीमच में आयोजित किया जाएगा। इस महासम्मेलन एवं शौर्ययात्रा में विशेष रूप से एकलिंग नाथ के दीवान श्री जी हुजूर महाराणा विश्वराज सिंह जी मेवाड़ शामिल होंगे। साथ ही राजपूत समाज के राष्ट्रीय स्तर के बड़े पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।आयोजन को लेकर सभी तैयारियां जोर-शोर से पूर्ण की जा चुकी है।
अखिल भारतीय राजपूत समाज संगठन जिला नीमच के उपाध्यक्ष रणजीत सिंह तंवर (बबली) ने बताया कि नीमच में प्रथम बार समस्त राजपूत संगठन जिला नीमच द्वारा राजपूत समाज का महासम्मेलन एवं ऐतिहासिक शौर्ययात्रा का आयोजन आज सोमवार को स्थानीय दशहरा मैदान नीमच पर किया जाएगा। शौर्ययात्रा प्रातः 9:00 बजे महाराणा प्रताप चौराहा ग्वालटोली से प्रारंभ होगी। यहां विशेष एवं मुख्य अतिथियों द्वारा सर्वप्रथम महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। उसके पश्चात ढोल ढमाके, डीजे एवं ध्वजा के साथ राजपूत समाज की ऐतिहासिक शौर्ययात्रा प्रारंभ होगी, जो डाक बंगला चौराहा होते हुए नीमच सिटी पहुंचेगी। यहां से शौर्य यात्रा सिटी रोड, फवारा चौक, नया बाजार, घंटाघर, तिलक मार्ग, पुस्तक बाजार, टैगोर मार्ग, विजय टाकिज चौराहा होते हुए दशहरा मैदान पर पहुंचकर संपन्न होगी। यहां राजपूत समाज का महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। श्री तंवर ने बताया कि इस महासम्मेलन में एकलिंगनाथ के दीवान श्री जी हुजूर महाराणा विश्वराज सिंह जी मेवाड़, महारानी सा. महिमा कुमारी जी मेवाड़, रावत देवव्रत सिंह जी चुंडावत सलूंबर, महाराज रणधीर सिंह जी भिंडर, डॉक्टर ओमेंद्र जी रत्नु इतिहासकार, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मंदसौर के पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, मनासा के पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह मालाखेड़ा, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष यशपाल सिंह बिलेश्वरी सहित राजपूत समाज के अन्य राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्त्ररीय पदाधिकारी विशेष एवम मुख्य अतिथि के रूप मे उपस्थित होंगे। जिला उपाध्यक्ष रणजीत सिंह तंवर (बबली) ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत नीमच में निकलने वाली ऐतिहासिक शौर्ययात्रा का शहर में जगह-जगह राजपूत समाज जन सहित अन्य समाजों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत अभिनंदन किया जाएगा। श्री तंवर ने नीमच जिले में निवास रत सभी समाज जन से विशेष आह्नान किया है कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।